SNOWFALL के साथ आफत : करेरी में फंसे 100 पर्यटक, बचाव दल रवाना

उज्जवल हिमाचल। धर्मशाला

प्रदेश में बिगड़े मौसम ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। धर्मशाला से सटे पर्यटन स्थल करेरी में 100 पर्यटक भारी बर्फबारी के बीच फंस गए हैं। मदद की गुहार के बाद क्विक रिएक्शन टीम (क्यूआरटी) इनके रेस्क्यू के लिए रवाना हो गई है। बताया जा रहा है करेरी में तीन से चार फीट तक बर्फ गिरी है। पर्यटकों में कुछ विदेशी लोग भी बताए जा रहे हैं। रविवार को मौसम खराब होने पर करेरी के स्थानीय लोगों ने पर्यटकों न जाने की सलाह दी थी, उन्हें रोका था पर वह नहीं माने। वहीं उन्हें गाइड ले जाने की भी सलाह दी थी। लेकिन रविवार रात को ही हिमपात हो गया वे यहां फंस गए। करेरी पंचायत के उपप्रधान ने पुलिस व प्रशासन को सूचित किया है।

उपप्रधान राहुल ने बताया करेरी झील में करीब 30 लोग और उससे थोड़ा पीछे करीब 70 लोगों की बर्फ में फंसने की सूचना हैं। इस बारे में जिला प्रशासन व पुलिस को सूचित किया है। पंचायत उपप्रधान के नेतृत्व में गांव का बचाव दल रवाना हो गया है। उपप्रधान राहुल ने बताया वह भी रास्ते में हैं और लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए निकल रहे हैं।थाना मैक्लोडगंज प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि थाने को सूचना मिली है। पंचायत के उपप्रधान राहुल ने सूचना दी है। इस पर यहां से टीम रवाना हो गई है। गांव का बचाव दल भी रवाना हो रहा है, इसके साथ टीम में कुछ पर्वतारोही भी जा रहे हैं।