हिमाचल में 108 और 102 एंबुलेंस सेवाएं 24 घंटे की हड़ताल पर, मरीजों की बढ़ी चिंता

उज्जवल हिमाचल ।शिमला

प्रदेश में 108 और 102 एंबुलेंस कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। कर्मचारियों ने 2 अक्तूबर रात 8 बजे से 3 अक्तूबर रात 8 बजे तक सेवाएं बंद रखने का फैसला लिया है। यह हड़ताल सीटू संबंधित 108-102 एंबुलेंस कर्मचारी यूनियन ने नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) की नीतियों के विरोध में की है। अस्पताल प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए निजी एंबुलेंस हायर करने का निर्णय लिया है, ताकि मरीजों को ज्यादा परेशानी न झेलनी पड़े।

यूनियन अध्यक्ष विजेंद्र मेहरा ने कहा कि एनएचएम के अधीन काम कर रहे कर्मचारियों का लगातार शोषण किया जा रहा है। हाईकोर्ट, लेबर कोर्ट, सीजीएम कोर्ट शिमला और श्रम कार्यालय के आदेशों के बावजूद हालात नहीं बदले हैं। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों से 12 घंटे ड्यूटी ली जा रही है, जबकि तनख्वाह 8 घंटे की भी पूरी नहीं दी जा रही। एनएचएम पर श्रम कानूनों की धज्जियां उड़ाने का आरोप लगाया गया है। यूनियन ने साफ चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाए तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।