शुरुआती बरसात ने मचाया तांडव : कांगड़ा में अब तक 13 लोगों ने गंवाई जान, दो लापता

उज्ज्वल हिमाचल। कांगड़ा

हिमाचल प्रदेश सहित जिला कांगड़ा में शुरुआती बरसात ने ही खूब रौद्र रूप दिखाते हुए खूब कहर बरपाया है। जिला में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें कुछ लोग बाढ़ में बहे थे तो कुछ लोग बारिश के दौरान सड़क हादसों का शिकार हुए। जबकि अब भी दो व्यक्ति लापता चल रहे हैं। साथ ही कांगड़ा में तीन घर पूरी तरह से बारिश बह गए, जबकि 23 घरों को भी काफी क्षति हुई है। जिला कांगड़ा में अब तक कुल 116 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।

जिला की आपदा प्रबंधन रिपोर्ट के अनुसार अब तक आत्यधिक वर्षा से घटित घटनाओं में 13 लोगों की मृत्यु हो चुकी है, जिनमें सडक़ दुर्घटनाएं, डूबना, ऊंचाई से गिरना, करंट लगना और फ्लैश फ्लड की घटनाएं शामिल हैं। डीसी कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बताया कि मानसून में हुए नुकसान के चलते पेयजल परियोजनाएं ठप्प हो गई हैं। जिसके बाद विभाग द्वारा पुरानी परियोजनाओं को शुरू कर लोगों को पानी मुहैया करवाया जा रहा है, उन्होंने कहा विभाग द्वारा जल्द ही ठप्प पेयजल परियोजनाओं में सुधार लाकर उन्हें शुरू कर दिया जाएगा।

वहीं डीसी ने बताया कि जिला की कोई भी सड़क ऐसी नहीं है जहां पर आवाजाही बाधित हो जिला की सभी सड़कों पर यातायात सुचारू रूप से चल रहा है। उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मौसम विभाग द्वारा तीन दिनों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में लोगों को प्रशासन द्वारा समय-समय पर जागरूक किया जा रहा है। अति संवेदनशील इलाकों के लोगों को अलर्ट पर रखा गया है, साथ ही सभी विभागों को आपातकालीन परिस्थितियों के लिए तैयार रहने के भी दिशा निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि कुछ विभाग बरसात से हुए नुकसान का आंकलन कर रहे हैं। अभी जो नुकसान का आंकड़ा 116 करोड़ है। यह भविष्य में बढ़ भी सकता है।