उज्ज्वल हिमाचल। कुल्लू
भुंतर पुलिस ने नशे के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 45 ग्राम चिट्टे के साथ गाड़ी सवार 4 तस्करों को गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार पुलिस ने फोरलेन सड़क पर राबत ढाबा के पास नाकाबंदी के दौरान एक गाड़ी को जांच के लिए रोका। गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें सवार 4 व्यक्तियों के कब्जे से 45 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इस पर टीम ने चारों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान करणजीत सिंह (27) पुत्र सुखविंदर सिंह, गुरभेज सिंह (37) पुत्र मंगल सिंह, अमरीक सिंह (55) पुत्र तीरा सिंह और मनप्रीत सिंह (21) पुत्र कश्मीर सिंह के रूप में की गई है। ये सभी आरोपी पंजाब के जिला तरनतारन के रहने वाले हैं।

भुंतर थाना प्रभारी ने बताया कि नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए वाहन को रोका गया। तलाशी के दौरान चिट्टा बरामद होने के बाद चारों आरोपियों को तुरंत हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की तहकीकात कर रही है कि यह नशीला पदार्थ कहां से लाया गया और इसे कहां ले जाया जा रहा था।





