रोड़ी-कोड़ी सड़क पर खर्च होंगे 6 करोड़ 71 लाख : बिक्रम ठाकुर

कमल। डाडासीबा

उद्योग, परिवहन एवं श्रम व रोजगार मंत्री बिक्रम ठाकुर ने आज परागपुर में उपमंडल देहरा के राजस्व एवं अन्य विभाग के अधिकारियों के साथ विभिन्न विकासात्मक कार्यों से संबंधित समीक्षा बैठक की। बैठक में उद्योग मंत्री ने जस्वां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र में हो रहे समस्त विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने जसवां-परागपुर में हो रहे प्रत्येक विकसात्मक कार्य की विस्तृत चर्चा एवं समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान दिया जाए और साथ ही सभी लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए।

उन्होंने इस अवसर पर सभी विभागों द्वारा किए जा रहे सभी कार्यों का पूर्ण ब्योरा अधिकारियों से मांगा और लंबित कार्यों में हो रहे विलंब के कारणों का त्वरित निवारण करने के सख्त निर्देश दिए। उद्योग मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रागपुर बलॉक में मनरेगा के अंतर्गत 75 पंचायतों में अभी 2281 कार्य चल रहे हैं।

उन्होंने बताया कि प्रागपुर बलॉक को जुलाई अंत तक 108801 मानव दिवस सृजित करने का लक्ष्य था, जिसको परागपुर बलॉक ने अपने लक्ष्य से बढ़कर 155724 मानव दिवस सृजित करने में सफलता प्राप्त की है। उन्होंने बताया कि इस हेतु मनरेगा के तहत प्रागपुर बलॉक में 3 करोड़ 11 लाख रूपए की राशि कामगारों को दी गई। बिक्रम ठाकुर ने बताया कि जरूरतमंद लोगों की सहायता हेतु जसवां-प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र में अब तक लगभग 2200 लोगों को 6 करोड़ रूपए के करीब दिए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि इस समय जसवां-प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, विद्युत विभाग, उद्योग विभाग समेत विभिन्न विभागों के सैंकड़ों करोड़ के विकास कार्य चल रहे हैं। उन्होंने कहो कि विकास के लिए धन की किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रगति पर चल रहे विकाय कार्यों के अतिरिक्त भी जो कार्य उनके ध्यान में आता है, उसे उनके समक्ष लेकर आएं, सरकार उनके क्रियान्वन के लिए वचनबद्ध है।

इसके बाद उद्योग मंत्री ने 6 करोड़ 71 लाख की लागत से बनने वाली रोड़ी-कोड़ी से टिप्परी सड़क का भूमिपूजन कर कार्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जसवां-प्रागपुर में सड़कों और मूलभूत ढांचे का निर्माण उनकी प्राथकिता है। उन्होंने कहा कि 671 लाख की लागत से बनने वाली रोड़ी-कोड़ी से टिप्परी सड़क 8.5 किलोमिटर लंबी होगी और इससे इस क्षेत्र में निवास कर रहे हजारों लोगों को बहतरीन सड़क उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि जसवां-प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र में अब तक लगभग 80 किलोमिटर सड़क पक्की की जा चुकी है और करोड़ों की लागत से सड़कों के सुधारिकरण और निर्माण का कार्य चल रहा है।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गांवों और पंचायतों में मूलभूत ढांचा मजबूत करने और हर सुविधा पहुंचाने के लिए प्रदेश सरकार और भारत सरकार द्वारा पर्याप्त धन राशि और संसाधन उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में किए जा रहे विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में चल रही प्रदेश सरकार गांव में रहने वाले हर व्यक्ति के उत्थान और कल्याण के लिए संकल्पबद्ध है। अतः सरकारी सहायता को लोगों तक पहुंचाने के लिए अधिकारी गंभीरता से कार्य करें। इस अवसर पर उद्योग मंत्री ने परागपुर विश्राम गृह में जन समस्याओं को भी सुना, जिनमें से अधिक्तम का मौके पर निपटारा किया और शेष के समयबद्ध निवारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

इस अवसर पर एसडीएम देहरा धनबीर ठाकुर, खंड विकास अधिकारी कंवर सिंह, मंडलाध्यक्ष विनोद शर्मा, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग हर्ष पुरी, विद्युत विभाग देहरा अधिशाषी अभियंता कुलदीप राणा, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग अधिशासी अभियंता संदीप चौधरी, एसडीओ एवं जेई, आरएम देहरा राजन जमवाल, डीएफओ देहरा आरके डोगरा, कृषि विकास अधिकारी गुलशन मनकोटिया व उपमंडलीय भू-संरक्षण अधिकारी ज्योतिरंजन कालिया सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।