ज्वालामुखी मंदिर में श्रद्धालु ने अर्पित की एक किलो सोने की आरती जोत, कहा- परिवार पर मां की अपार कृपा

उज्जवल हिमाचल।ज्वालामुखी 

शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में मां के एक भक्त ने अपनी श्रद्धा और आस्था का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया है। चंडीगढ़ से आए एक श्रद्धालु ने लगभग एक किलो सोने की आरती जोत माता के चरणों में अर्पित की। भक्त ने अपने परिवार सहित मां ज्वालामुखी के दरबार में यह स्वर्ण जोत समर्पित करते हुए कहा कि “माता की कृपा से हमारा कारोबार निरंतर प्रगति कर रहा है, इसलिए अपनी नेक कमाई का यह अंश मां को समर्पित किया है।”

सोने की जोत से दिन में पांच बार होगी आरती

इस स्वर्ण जोत से माता रानी की दिन में पांच बार आरती की जाएगी। श्रद्धालु ने कहा कि इस आरती का प्रयोग होते देख उन्हें मन को असीम शांति और सुकून प्राप्त होगा। उन्होंने विनम्रता के साथ अपना नाम गुप्त रखा है।

मंदिर अधिकारी तहसीलदार मनोहर लाल शर्मा, मंदिर न्यास सदस्य जितेश शर्मा और अन्य अधिकारियों ने इस दानी श्रद्धालु एवं उनके परिवार को मां ज्वालामुखी की चुनरी, तस्वीर और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया।

पहले भी कर चुके हैं विशेष भेंट

जानकारी के अनुसार, यह श्रद्धालु पुजारी अनिल शर्मा के जजमान हैं और पहले भी मां ज्वालामुखी की सेवा में योगदान दे चुके हैं। इससे पूर्व उन्होंने मुख्य ज्योति के बाहरी भाग पर सोने का पत्रा चढ़ाया था, जिससे मुख्य ज्योति को सजाया गया था।

दानी श्रद्धालुओं की सूची बनाने का सुझाव

मंदिर न्यास सदस्य जितेश शर्मा ने कहा कि माता रानी अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं। उन्होंने विधायक संजय रतन, जिलाधीश कांगड़ा, एसडीएम ज्वालामुखी और मंदिर अधिकारी से आग्रह किया कि ऐसे दानी श्रद्धालुओं की एक सम्मान सूची तैयार की जाए और मंदिर परिसर में एक प्रेरणादायी बोर्ड लगाया जाए, जिससे अन्य भक्त भी सेवा कार्यों में प्रेरित होकर योगदान दे सकें।