चुराह में सड़क धंसने से खाई में लटक गई निजी बस: मची अफरा-तफरी

उज्जवल हिमाचल | चम्बा

चांजू से चम्बा की ओर जा रही निजी बस अचानक सड़क धंसने से हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। बताया जा रहा है कि वीरवार देर रात क्षेत्र में हल्की बारिश हुई थी, जिसके चलते सड़क किनारे की मिट्टी खिसक गई और सड़क का हिस्सा बैठ गया।

इसी दौरान जब बस वहां से गुज़र रही थी तो उसका एक हिस्सा सड़क से नीचे लटक गया। स्थिति बेहद खतरनाक हो गई लेकिन चालक की सूझबूझ और यात्रियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। बस में सवार लोग सहम गए और तुरंत बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया। गनीमत यह रही कि बस पूरी तरह खाई में नहीं गिरी, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था।

संवाददाता: शैलेश शर्मा