टांडा हॉस्पिटल में इलाज करने आए मरीज के ऊपर गिरा सांप, मचा हड़कंप

उज्ज्वल हिमाचल। कांगड़ा

डा. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान चिकित्सा महाविद्यालय टांडा अस्पताल के ऑन्कोलॉजी विभाग में सांपों का खौफ मचा हुआ है। पिछले सप्ताह से शौचालय में एक के बाद एक सांप निकल रहे हैं। सोमवार को तो हद ही हो गई जब वार्ड में एसी से एक सांप मरीज के बिस्तर पर आ गिरा। गनीमत रही कि उसने मरीज को काटा नहीं। इस वजह से मरीज और स्टाफ में खौफ है। मरीज रातभर सो नहीं पा रहे और शौचालय जाने से भी कतरा रहे हैं।

स्टाफ ने जैसे-तैसे सांप को बोतल में बंद कर दिया। सोमवार को एक अन्य सांप को रेडियोग्राफी के स्टाफ शौचालय के फर्श पर देखा तो मरीजों सहित स्टाफ सोचने पर मजबूर हो गए की आखिरकार एक सप्ताह के अंदर ही तीन सांप कैसे निकल गए। मरीजों सहित अन्य लोगों ने कयास लगाए की शायद सुपर स्पेशियलिटी की छत पर सांपों ने बच्चे न दिए हों, जिसके चलते बार-बार एक ही भवन में सांप कैसे निकल सकते हैं। प्रशासन ने मरीजों सहित स्टाफ को सतर्क रहने की सलाह दी है।