उज्जवल हिमाचल । चंबा
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। मणिमहेश यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं की थार गाड़ी पर मेहला क्षेत्र के पास पहाड़ी से अचानक एक विशाल पत्थर आ गिरा। हादसे में पंजाब के एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा तड़के करीब 3 बजे उस समय हुआ जब श्रद्धालुओं की थार मेहला क्षेत्र से गुजर रही थी। अचानक पहाड़ी से एक भारी पत्थर वाहन के सनरूफ पर आ गिरा। पत्थर इतनी जोरदार से गिरा गाड़ी का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अंदर बैठे एक श्रद्धालु की मौके पर ही जान चली गई। मृतक की पहचान माखन सिंह (40), पुत्र शरवन सिंह, निवासी गांव मलियां, डाकघर गढ़दीवाल, तहसील गढ़दीवाल, जिला होशियारपुर (पंजाब) के रूप में हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पत्थर प्राकृतिक रूप से गिरा या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सावधानी और संवेदनशील मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता की ओर ध्यान आकर्षित करता है।
संवाददाता : शैलेश शर्मा





