उज्ज्वल हिमाचल। कांगड़ा
कांगड़ा बस स्टैंड पर बीती रात एक शर्मनाक घटना सामने आई है । इस दौरान शिमला से पालमपुर की ओर यात्रा कर रही एक युवती के साथ एक व्यक्ति ने छेड़छाड़ की । पीड़िता ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी आपबीती साझा करते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है । हालांकि, पुलिस ने आरोपी कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है । 11 जुलाई की देर रात, 112 हेल्पलाइन के माध्यम से कांगड़ा बस स्टैंड पर एक युवती के साथ छेड़छाड़ की सूचना मिली। सूचना मिलने पर, पुलिस की एक टीम तुरंत घटनास्थल पर भेजी गई और पीड़िता को बस स्टैंड पर पाया गया। पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। उसने बताया कि एक व्यक्ति उसकी ओर बुरे इशारे कर रहा था जिसके बाद उसने साथ मौजूद लोगों की सहायता से उस व्यक्ति को पकड़ा। लेकिन जबतक पुलिस मौके पर पहुंची व्यक्ति मौके से किसी तरह अंधेरे का फायदा उठा कर भाग चुका था। लेकिन युवती ने व्यक्ति की वीडियो फोन पर बना ली थी जिससे पुलिस को उस व्यक्ति को पकड़ने में काफी मदद मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंच त्वरित कार्रवाई करते हुए कानूनी कार्यवाही शुरू की।

गौरतलब है कि उसी रात एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी और आरोपी को आज सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। इसके अतिरिक्त, पीड़िता और उसके परिवार के लिए कांगड़ा में एसएचओ कांगड़ा और उनकी टीम द्वारा देर रात करीब एक बजे बारिश के दौरान रहने और खाने की व्यवस्था भी की गई। इस प्रकार, कांगड़ा पुलिस ने शिकायत पर तुरंत कार्यवाही की और इस मामले में त्वरित कार्यवाही की।

एसएचओ कांगड़ा ने देर रात मौके पर मौजूद रहकर सारा मामला गहनता से सुना और उस मामले पर कार्यवाही की। उन्होंने बताया कि कांगड़ा पुलिस जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिन रात प्रतिबद्ध है और जरूरतमंद नागरिकों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर है। युवतियों से किसी भी तरह की छेड़छाड़, बुरे इशारे करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कांगड़ा पुलिस सकती से पेश आएगी।
संवाददाता : अंकित वालिया





