कांगड़ा में केजरीवाल ने भरी चुनावी हुंकार, बोले-‘जयराम ठाकुर ने की मेरे पेपर की नकल’

उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा

आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत आते चंबी मैदान में चुनावी हुंकार भरी। केजरीवाल ने जनसभा जनसभा को संबोधित करने के दौरान करीब 20 मिनट के भाषण में मुख्‍यमंत्री जयराम ठाकुर निशाने पर लिया। सरकारी स्‍कूलों की हालत से लेकर नकल मारने तक केजरीवाल ने जयराम ठाकुर पर खूब हमला बोला।

उन्‍होंने आरोप लगाया कि जयराम ठाकुर हमारी नकल कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने मुफ्त बिजली देने की बात कही तो अब पीछे पीछे जयराम ठाकुर भी नकल मारने लगे हैं। हिमाचल में भी बिजली मुफ्त देने की घोषणाएं कर रहे हैं। जब ऐसा ही है तो सभी भाजपा शासित राज्यों में बिजली मुफ्त करने की घोषणा करवाई जाए।

सरकारी स्‍कूलों की हालत पर भी केजरीवाल ने जयराम ठाकुर को आड़े हाथों लिया। उन्‍होंने कहा कि दिल्‍ली आकर वहां के सरकारी स्‍कूलों को देखें। सरकारी स्‍कूलों की हालत ही नहीं सुधरी है, शिक्षा का स्‍तर पर भी सुधरा है।

30 साल से कांग्रेस ने राज किया है 17 साल तक प्रदेश में भाजपा ने राज किया है। ऐसे में जनता से आग्रह है कि पांच साल का वक्त आम आदमी पार्टी को दें। उसके बाद वोट मांगने नहीं आएंगे, जनता सिर्फ उनके काम को ही वोट देगी।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि दिल्ली में भ्रष्टाचार मुक्त शासन दिया है, ऐसा ही मौका मिला तो हिमाचल में भी देंगे। दिल्ली में आज सरकारी स्कूल, सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों की हालत बेहतर है। जबकि आम आदमी पार्टी की सरकार से पहले उनका हाल भी हिमाचल के सरकारी स्कूलों व स्‍वास्‍थ्‍य संस्थानों जैसा ही था।

जनता कह रही है इन दोनों पार्टियों को देख लिया, इन दोनों पार्टियों ने प्रदेश को लूटा अब तीसरे को मौका तो बनता है। आम आदमी पार्टी तीसरा विकल्प होगी। दोनों पार्टियों में सारे गलत नहीं हैं कुछ घुटन महसूस कर रहे हैं। कांग्रेस व भाजपा में जो अच्छे लोग हैं उन्हें कहना चाहते हैं कि वह आम आदमी पार्टी में आ जाएं।