आचार्य रोशन जिलाध्यक्ष और मनोहर लाल नायक को मिला महासचिव का पद

उमेश भारद्वाज। मंडी

हिमाचल प्रदेश क्लासिकल एवं वर्नाकुलर अध्यापक संघ जिला मंडी इकाई के जिला स्तरीय चुनाव राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल सुंदरनगर में संपन्न हुए। इसमें राज्य प्राधिकरण द्वारा प्रतिनियुक्त पर्यवेक्षक धनवीर सिरमौर से राज्य कोषाध्यक्ष हिमाचल प्रदेश सी एंड वी अध्यापक संघ तथा जिला कुल्लू के पूर्व प्रधान गोविंद का पर्यवेक्षण रहा। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश सी एंड वी अध्यापक संघ के राज्य अध्यक्ष चमन लाल शर्मा और राज्य महिला वर्ग की अध्यक्ष मंजुला वर्मा भी मौजूद रहे।

यह भी देखें: लापता लोगों की तलाश के लिए हिमाचल पुलिस का विशेष अभियान, अब तक 635 को ढूंढा

इस चुनावी प्रक्रिया में 110 सदस्यों ने जिला स्तरीय कार्यकारिणी के चुनाव के लिए मतदान किया। इसमें प्रधान पद के लिए हुए चुनाव में आचार्य रोशन के पक्ष में 65 और नंदलाल के पक्ष में 44 मत पड़े। एकमत को खारिज समझा गया। वहीं, आचार्य रोशन को 20 मतों से जीत के साथ सत्र 2021-2024 तक के 3 वर्षों के लिए जिला मंडी सी एंड वी अध्यापक संघ का अध्यक्ष घोषित किया गया। इस कड़ी में महासचिव पद के लिए दो नाम सदन से प्रस्तुत हुए, जिनमें पहला नाम मनोहर लाल नायक भाषा अध्यापक और दूसरा संदीप सकलानी शास्त्री का रहा।

दोनों ने आपसी सहमति करके मनोहर लाल नायक भाषा अध्यापक सी एंड वी अध्यापक संघ जिला मंडी का महासचिव सर्वसम्मति से घोषित किया। कोषाध्यक्ष पद के लिए संदीप सकलानी का नाम दोबारा सदन से प्रस्तुत हुआ और इनके साथ दूसरा नाम दयाराम कला अध्यापक का प्रस्तुत किया गया। पर्यवेक्षकों द्वारा समझौते के लिए दिए गए वक्त में सदन की सहमति से संदीप सकलानी शास्त्री को संघ का वरिष्ठ उप प्रधान घोषित किया गया और दयाराम कला अध्यापक को सर्व सहमति से क्लासिकल एवं वर्नाकुलर अध्यापक संघ जिला मंडी का कोषाधक्ष चुना गया।

इसके साथ-साथ नवनिर्वाचित प्रधान आचार्य रोशन ने विशेषाधिकार के तहत चंचल पीईटी को जिला मंडी का संगठन मंत्री और अंजना कुमारी शास्त्री अध्यापिका को महिला वर्ग की प्रधान तथा मीना शर्मा को महिला वर्ग की उप प्रधान चुना। इस पूरी चुनावी प्रक्रिया में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सी एंड वी अध्यापक संघ जिला मंडी की समूची नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने थाना प्रभारी सुंदरनगर अंकुश का भी आभार व्यक्त किया है।