उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा
जिला कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वीरवार देर रात गर्ग कॉलोनी के भट्टा रोड पर नाकाबंदी के दौरान दो व्यक्तियों को 6.24 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी स्कूटी पर सवार थे, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर भट्टा रोड पर विशेष नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 6.24 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमन सहगल (48) निवासी रिहालपुरा, कांगड़ा और विकास धीमान (43) निवासी रजूं, तहसील धीरा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ पुलिस थाना कांगड़ा में मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आए थे और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। मामले में नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।





