कांगड़ा में अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, एसडीएम ने दिए भूमि की पैमाइश के निर्देश

उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा

एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजलि गर्ग ने आज शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सुरंग गली, कांगड़ा मंदिर बाजार, नगर परिषद मैदान तथा सदाशिव मंदिर का दौरा किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने मटौर पुल का भी निरीक्षण किया और अनधिकृत रूप से पार्क किए गए वाहनों के चालान करवाए।
निरीक्षण के दौरान डॉ. अंजलि गर्ग ने मंदिर परिसर और आम रास्तों पर किए गए अतिक्रमण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित लोगों को इसे तुरंत हटाने के सख्त निर्देश दिए।उन्होंने नगर परिषद एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को संबंधित भूमि की उचित पैमाइश करवाने के निर्देश भी दिए, ताकि अतिक्रमण की सही स्थिति स्पष्ट हो सके और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। नगर परिषद मैदान के समीप तथा विशाल के साथ लगती दीवार पर पीली लाइन लगाने के निर्देश देते हुए उन्होंने दोपहिया वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल विकसित करने को कहा।उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस दौरान एसडीएम ने सदाशिव मंदिर में ट्रस्ट के सदस्यों के साथ भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि मंदिर में कीर्तन एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान ध्वनि के स्तर का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ आसपास रहने वाले लोगों को भी किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद, राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग की टीमें भी उपस्थित रहीं ।

संवाददाता : तेजस्वी चौधरी