उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा
एमसीएम डीएवी कॉलेज कांगड़ा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया आरम्भ हो गई है। कॉलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से समय रहते प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है। कॉलेज में कला, वाणिज्य, विज्ञान तथा विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
कॉलेज में बी.ए., बी.एससी., बी.कॉम., बीसीए, बीएचएम सहित अनेक स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। नई शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के अनुरूप यहां चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम (ऑनर्स एवं ऑनर्स विद रिसर्च) भी उपलब्ध हैं, जिससे विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
कॉलेज में आधुनिक प्रयोगशालाएं, समृद्ध पुस्तकालय, खेल सुविधाएं, उत्कृष्ट आधारभूत संरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर), उन्नत आईटी सुविधाएं तथा अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन विद्यार्थियों को उपलब्ध कराया जाता है। इसके अलावा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न सह-पाठयक्रम और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी नियमित आयोजन किया जाता है।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बलजीत सिंह पटियाल ने कहा कि एमसीएम डीएवी कॉलेज कांगड़ा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास के लिए प्रदेशभर में अपनी अलग पहचान रखता है। उन्होंने विद्यार्थियों और अभिभावकों से समय पर प्रवेश लेकर अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाने का आह्वान किया।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कॉलेज भविष्य में भी विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक सुविधाएं और नई संभावनाएं उपलब्ध कराता रहेगा।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार प्रवेश से संबंधित विस्तृत जानकारी कॉलेज कार्यालय तथा कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं।





