गगल एयरपोर्ट विस्तार: प्रभावित दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने केवल सिंह पठानिया से लगाई गुहार

उज्जवल हिमाचल । गगल

गगल एयरपोर्ट के प्रस्तावित विस्तार से प्रभावित दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर प्रदेश सरकार के उप-सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया से मुलाकात की। गगल पंचायत के उप-प्रधान रविंद्र बाबा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने एयरपोर्ट विस्तार परियोजना से होने वाले संभावित नुकसान पर चिंता व्यक्त की।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि प्रस्तावित विस्तार की जद में कई दुकानें, मकान और व्यावसायिक प्रतिष्ठान आ रहे हैं, जिससे अनेक परिवारों की आजीविका प्रभावित होने की आशंका है। लोगों ने कहा कि वर्षों की मेहनत से खड़ा किया गया उनका रोजगार संकट में है। उन्होंने सरकार से मांग की कि परियोजना से प्रभावित सभी परिवारों को उचित मुआवजा, पारदर्शी पुनर्वास और वैकल्पिक रोजगार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

इस पर उप-सचेतक एवं विधायक केवल सिंह पठानिया ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि उनकी सभी समस्याओं और मांगों को सरकार के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ प्रभावित लोगों के हितों की भी पूरी सुरक्षा करेगी और किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

मुलाकात के अंत में प्रभावित लोगों ने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी और उन्हें राहत प्रदान करने के लिए जल्द सकारात्मक कदम उठाएगी।

संवाददाता: तेजस्वी चौधरी