उज्जवल हिमाचल । बिलासपुर
कहते हैं जब मां देती है तो छप्पर फाड़ कर देती है। इसका ऐसा ही कुछ उदाहरण शारदीय नवरात्र मेले के दौरान हिमाचल प्रदेश के सुप्रसिद्ध शक्ति पीठ श्री नैना देवी जी के दरबार में देखने को मिला।पंजाब से आए एक श्रद्धालु परिवार ने बताया कि माता रानी की अपार कृपा से 18 साल बाद उनके घर खुशियों की सौगात आई है।
परिवार ने माता से एक संतान की प्रार्थना की थी, लेकिन माता नैना देवी जी की असीम कृपा से उन्हें तीन जुड़वा बेटे प्राप्त हुए। माता-पिता का कहना है कि चूंकि यह संतान माता की देन है, इसलिए उन्होंने इन बच्चों के नाम ब्रह्मा, विष्णु और महेश रखे हैं। रविवार को माता के दरबार में इन बच्चों का मुंडन संस्कार हुआ और परिवार ने माता से बच्चों की लंबी आयु की दुआ मांगी। इस अवसर पर महिला श्रद्धालु प्रीति भांबरी ने कहा कि उनके परिवार में पहले एक बेटी थी।
उन्होंने माता से मन्नत मांगी थी कि उनका परिवार पुत्र संतान से पूर्ण हो जाए। पूरे परिवार ने माता नयना देवी का आशीर्वाद लिया। शारदीय नवरात्र के दौरान इस शक्तिपीठ में देश और विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। रविवार को भी 60 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
संवाददाता सुरेंद्र जम्वाल





