विवेकानंद मेडिकल इंस्टीट्यूट पालमपुर में AIIMS जोधपुर द्वारा AHA प्रमाणित BLS एवं ACLS कोर्स का शुभारंभ

उज्जवल हिमाचल । पालमपुर 

विवेकानंद मेडिकल इंस्टीट्यूट (VMI), पालमपुर में सोमवार को AIIMS जोधपुर के विशेषज्ञों द्वारा आयोजित American Heart Association प्रमाणित बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) एवं एडवांस्ड कार्डियक लाइफ सपोर्ट (ACLS) प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ यूनिट हेड एयर कमोडोर (डॉ.) विमल राय दुबे ने किया।

उद्घाटन अवसर पर डॉ. दुबे ने कहा कि आपातकालीन चिकित्सा में त्वरित एवं सटीक निर्णय मरीज के जीवन और मृत्यु के बीच महत्वपूर्ण अंतर पैदा कर सकता है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम स्वास्थ्यकर्मियों की दक्षता, आत्मविश्वास और आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से कार्य करने की क्षमता को सुदृढ़ बनाते हैं।

उन्होंने AIIMS जोधपुर से आए विशेषज्ञ संकाय सदस्यों का स्वागत करते हुए उनके योगदान की सराहना की। साथ ही कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए डॉ. कुलदीप बाघ के विशेष प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने इंस्ट्रक्टर कोर्स सफलतापूर्वक पूर्ण कर अपने सहयोगियों को प्रेरित किया तथा इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

डॉ. दुबे ने सुश्री रिया, सुश्री सोनिका और डॉ. शैफाली के समर्पण एवं उत्साह की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि इन सभी ने उन्नत जीवन रक्षक प्रशिक्षण के प्रति अपने सहयोगियों को प्रेरित कर एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

दो दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विवेकानंद मेडिकल इंस्टीट्यूट तथा कैप्टन सौरभ कालिया मेमोरियल नर्सिंग कॉलेज के चिकित्सक और नर्सिंग अधिकारी भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को आधुनिक जीवन रक्षक तकनीकों में प्रशिक्षित कर आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता और प्रभावशीलता को और अधिक मजबूत बनाना है।

Please share your thoughts...