उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा
मटौर पंचायत में विभिन्न पंचायत के चयनित बीपीएल परिवारों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की पंचायतों से चयनित बीपीएल परिवारों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य पात्र परिवारों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं एवं विभिन्न सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और सुझावों को सीधे प्रशासन तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा और एपीएमसी के अध्यक्ष निशु मोंगरा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी पारूल कटियार, नायब तहसीलदार रमन कायस्था, प्रधानाचार्य विनोद शर्मा, डॉ सायशा, रूपिका शर्मा, पंचायत प्रधान मटौर, घुरकड़ी, कछियारी, खोली, अनसोली, जिकली इच्छी, सहोड़ा, नंदेहड़, अब्दुल्लापुर, वीरता, कोहाला, तरसूह, समीरपुर खास, चकवन समीरपुर और विभिन्न पंचायत के बीपीएल लाभार्थी मौजूद रहे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथियों ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार का प्रयास है कि बीपीएल परिवारों को सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार मिले और उन्हें उनकी पात्रता के अनुसार सरकार की प्रत्येक कल्याणकारी योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सस्ता राशन, सामाजिक सुरक्षा, बच्चों की शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, आवास तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि आज का संवाद कार्यक्रम केवल योजनाओं की जानकारी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य यह जानना भी है कि सरकार की योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर पर लोगों तक किस प्रकार पहुंच रहा है। जनता की समस्याएं, जरूरतें और सुझाव सरकार के लिए महत्वपूर्ण हैं। ऐसे संवाद कार्यक्रम सरकार और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के साथ-साथ योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी सहायक सिद्ध होते हैं।
खंड विकास अधिकारी ने कहा कि हमारा प्रयास है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से पहुंचे। उन्होंने कहा कि बीपीएल परिवारों की समस्याओं और आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जा रहा है तथा संबंधित विभागों को पात्रता के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
संवाददाता: तेजस्वी चौधरी





