आर्मी मेडिकल कोर के पूर्व सैनिकों ने भाम्बला में मनाया स्थापना दिवस

उज्जवल हिमाचल।मंडी

हिमाचल प्रदेश के लगभग सभी जिलों की सेवा चिकित्सा कोर के पूर्व सैनिकों, जेसीओ एवं ओआर ने वीरवार को नव वर्ष के मौके पर सेना चिकित्सा कोर का 262 वां स्थापना दिवस हमीरपुर,बिलासपुर और मंडी की सीमा पर स्थित सी-रॉक होटल में मुख्यातिथि कैप्टन गुरबचन सिंह की अध्यक्षता में बड़ी धूमधाम से मनाया।इस कार्यक्रम में जिला कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर,हमीरपुर,चंबा,कुल्लू, सोलन, सिरमौर तथा अन्य स्थानों से भारी संख्या में पूर्व सैनिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज की । सभी पूर्व सैनिकों ने मोमबत्तियां जलाकर और दो मिनट का मौन रखकर आर्मी मेडिकल कोर तथा अन्य सहस्त्र सेनाओं के वीर शहीदों की प्रतिमाओं को फूल अर्पित करके श्रद्धांजलि दी।

कैप्टन जगदीश वर्मा तथा उनके सहयोगी कार्यक्रम कमेटी के सदस्यों ने एक संयुक्त बयान में कहा कि सेना चिकित्सा कोर के पूर्व सैनिकों के इतिहास में हिमाचल प्रदेश में पहली बार हुआ है कि पूर्व सैनिकों ने इस तरह एकत्रित होकर स्थापना दिवस मनाया है। कैप्टन जगदीश वर्मा ने बताया कि पहली बार है कि हम लोगों ने स्थापना दिवस इस तरह से मनाया और भविष्य में हम कोशिश करेंगे की अगली बार अपने क्षेत्र की वीर नारियां, विधवाओं को, पूर्व सैनिकों के परिवारों को भी इस कार्यक्रम में आमंत्रित करेंगे और उनके साथ स्थापना दिवस मनाएंगे।

मुख्यातिथि कैप्टन गुरबचन सिंह ने अपने संबोधन में कहा की सन 1764 में स्थापित सेना चिकित्सा कोर के सैनिकों ने युद्ध और शांति दोनों में ही अपनी सेवाएं समर्पित की है और कोर का आदर्श “सर्वे संतु निरामय” का हमेशा पालन किया है ।सर्वे संतु निरामय का अर्थ यह है कि “सभी रोग मुक्त हो”। इस कोर के सैनिक सशस्त्र सेनाओं,उनके भूतपूर्व सैनिक युद्ध व शांति में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करते हैं तथा फॉरेन मिशन तथा प्रकृति आपदाओं से बचाने में आज तक सभी रैंकों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है । उन्होंने कोविड काल में भी अच्छा काम किया है ।

इस समारोह में पूर्व सैनिकों ने अपने पुराने साथियों से मिलकर आपस में विचार सांझा किये और एक दुसरे के स्वास्थ्य की भी जानकारी ली । इस दिवस पर बुलाए गए डोगरा रेजीमेंट के बैंड का संचालन करने वाले सेवानिवृत्त सूबेदार वीर सिंह द्वारा देशभक्ति संगीत,बांसुरी की धुन तथा देशभक्ति गीत गाकर पूर्व सैनिकों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। इस मौके पर कैप्टन जगदीश चंद, कैप्टन गुरबचन सिंह,लेफ्टिनेंट अनिल कुमार,सूबेदार सुनील चौहान,कैप्टन मनसा राम,कैप्टन बलबीर सिंह सहित अनेक सेवानिवृत्ति पूर्व सैनिक मौजूद रहे।

संवाददाता:नरेश कुमार