नगरकोट मकर संक्रांति पर्व के लिए जीएवी स्कूल में कलाकारों के होंगे ऑडिशन : इशांत जसवाल

जिला स्तरीय नगरकोट मकर संक्रांति पर्व 2026 के आयोजन को लेकर एसडीएम कांगड़ा ने की बैठक

उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा

कांगड़ा के जिला स्तरीय नगरकोट मकर संक्रांति पर्व 2026 के भव्य आयोजन को लेकर एसडीएम कांगड़ा इशांत जसवाल ने संयुक्त भवन के सभागार में बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में नगरकोट मकर संक्रांति पर्व के लिए बनाई गई कमेटियों के समस्त नोडल ऑफिसर और सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में जिला स्तरीय इस पर्व को पहले से और अधिक भव्य बनाने को लेकर प्रत्येक विषय पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में एसडीएम कांगड़ा ने सभी को निर्देश दिए कि वह अपने अंतर्गत आने वाले कार्यों को निश्चित समय में पूरा करें। इशांत जसवाल ने कहा कांगड़ा का यह जिला स्तरीय पर्व पहले की अपेक्षा हर वर्ष अधिक भव्य तरीके से मनाया जा रहा है ।

इसी क्रम में इस वर्ष इस और अधिक भव्य तरीके से मनाया जाए इसके लिए हम विशेष प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा नगर परिषद मैदान में 7 जनवरी से मेले की शुरुआत हो जायगी जहाँ लोग खरीदारी कर सकेंगे। यहां लोग खरीदारी करने के साथ-साथ झुलों का भी आनंद ले सकेंगे। इस मेले में स्वयं सहायता समूह के लिए विशेष स्टॉल उपलब्ध करवाए गए हैं जहां पर वह अपने स्थानीय उत्पादों को रख कर सकेंगे। इसके लिए स्वयं सहायता समूह खंड विकास अधिकारी कांगड़ा पारूल कटियार से संपर्क कर सकते हैं।

उन्होंने कहा इस पर्व में किए जाने वाले खर्च का वहन मंदिर से नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा 14 जनवरी को ब्रजेश्वरी मंदिर के प्रांगण में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 15 और 16 जनवरी के दिन नगर परिषद मैदान कांगड़ा में भव्य आयोजन होगा जिसमें हिमाचली और अन्य गायकों को मंच प्रदान किया जाएगा। इच्छुक गायक कलाकार 11 जनवरी शाम 5 बजे तक अपने आवेदन एसडीएम कार्यालय में जमा करवा सकते हैं।

12 जनवरी को प्रातः 11:00 बजे से ऑडिशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल जीएवी में आयोजित किए जाएंगे, जहां गठित कमेटी चयन प्रक्रिया पूरी करेगी। बैठक में बिजली और पानी की व्यवस्था को सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। पुलिस प्रशासन इस कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करेगी। एसडीएम कांगड़ा ने निर्देश दिए कि फायर ब्रिगेड की एक टीम निरंतर इस कार्यक्रम के दौरान मौके पर मौजूद रहेगी।स्वास्थ्य सुविधाओं को सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग को दी गई।

एसडीएम कांगड़ा ने सभी विभागों से संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए की वह इस कार्यक्रम के दौरान अपने से संबंधित समस्त कार्यों को दुरुस्त रखें और निरंतर फीडबैक लेते रहें। मौके पर मौजूद मंदिर अधिकारी ने बताया 14 जनवरी की मंदिर की सांस्कृतिक संध्या में माता के चरणों में प्रसिद्ध गायक मनी लाडला, संजय सांवरिया और सौरभ शिवालिया अपनी परिस्थितियों देंगे।