अरुण जेटली और सुषमा स्वराज को मरणोपरांत मिला पद्म विभूषण का सम्मान

उज्जवल हिमाचल। नई दिल्ली

राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द सोमवार को विभिन्न राज्यों के पद्म पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित कर रहे हैं। राष्ट्रपति भवन के ऐतिहासिक दरबार हाल में आज आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट काम करने वाले 141 लोगों को साल 2020 के लिए और मंगलवार यानी कल 2021 के लिए 119 लोगों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित करेंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली और सुषमा स्वराज को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। अरुण जेटली की पत्नी संगीता जेटली और सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अवार्ड सौंपा।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द राष्ट्रपति भवन में आयोजित पद्म पुरस्कार समारोह में पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कार्यक्रम में भाग लेने के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंच चुके हैं। कुछ ही देर में कार्यक्रम शुरू होगा, जिन लोगों को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उनमें झारखंड के छऊ नर्तक शशधर आचार्य और नागपुरी गीतकार मधु मंसूरी और उत्तराखंड के पर्यावरणविद अनिल प्रकाश जोशी शामिल हैं। वर्ष 2020 में कोरोना के चलते पद्म पुरस्कारों का वितरण नहीं किया जा सका था। इसलिए वर्ष 2021 में ही दोनों साल के पद्म विजेताओं को एक साथ सम्मानित किया जा रहा है।

वर्ष 2020 के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री बिहार के जार्ज फर्नांडीज, अरुण जेटली, सुषमा स्वराज, मारीशस के पूर्व राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री अनिरुद्ध जगन्नाथ को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा। इनके अलावा इस लिस्ट में कला के लिए उत्तर प्रदेश के पंडित छन्नूलाल मिश्र, खेल के लिए मणिपुर की मैरी कॉम और अध्यात्म के लिए कर्नाटक के उडुपी स्थित पेजावर मठ के श्रीविश्वेशतीर्थ स्वामी (मरणोपरांत) भी शामिल हैं। हर वर्ष पद्म पुरस्कारों की घोषणा गणतंत्र दिवस के मौके पर की जाती है। राष्ट्रपति मार्च-अप्रैल में ये पुरस्कार प्रदान करते हैं, लेकिन इस बार कोरोना के चलते ये पुरस्कार नहीं दिए जा सके थे।