उज्जवल हिमाचल।नूरपुर
राजकीय आर्य महाविद्यालय नूरपुर के 85 छात्रों ने भड़वार स्थित सर्ब मशरूम फार्म का शैक्षणिक दौरा किया। इनमें बी.एससी. (मेडिकल) प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के 60 विद्यार्थी तथा बी.ए. (अर्थशास्त्र) प्रथम और द्वितीय वर्ष के 25 छात्र शामिल रहे। वनस्पति विज्ञान विभाग द्वारा कौशल विकास के उद्देश्य से संचालित एड-ऑन कोर्स “मशरूम की खेती” के तहत छात्र प्रायोगिक ज्ञान प्राप्त कर रहे हैं। इस दौरे के दौरान छात्रों के साथ वनस्पति विज्ञान विभाग के सह–आचार्य डॉ. राकेश कुमार और अर्थशास्त्र विभाग की सहायक आचार्या सुश्री पर्ल बख्शी भी उपस्थित रहे।
फार्म के मालिक श्री सुरजीत सिंह ने छात्रों को मशरूम उत्पादन प्रक्रिया की प्रत्येक चरण पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने खाद तैयार करने, स्पॉनिंग, केसिंग, मशरूम के अल्पकालिक व दीर्घकालिक भंडारण तकनीक, पैकेजिंग तथा विपणन कौशल पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने बताया कि मशरूम में प्रयुक्त कम्पोस्ट को फल उत्पादन में जैविक खाद के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
इस अवसर पर छात्रों को उत्पादन लागत, लागत-लाभ विश्लेषण और मशरूम उत्पादन को रोजगार व उद्यमिता के रूप में अपनाने की संभावनाओं से भी अवगत कराया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को इस क्षेत्र में उद्यमी बनने के लिए प्रेरित किया। विदित हो कि राजकीय आर्य महाविद्यालय नूरपुर के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार तथा सर्ब मशरूम फार्म के मालिक श्री सुरजीत सिंह के बीच पिछले वर्ष हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के बाद से कॉलेज के छात्र लगातार प्रशिक्षण हेतु फार्म का दौरा कर रहे हैं। दौरे के अंत में सह–आचार्य डॉ. राकेश कुमार, सहायक आचार्या सुश्री पर्ल बख्शी एवं उपस्थित छात्रों ने श्री सुरजीत सिंह का महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त।
संवाददाता:विनय महाजन





