उज्ज्वल हिमाचल। कांगड़ा
उपमंडल कांगड़ा के दूरदराज क्षेत्र ग्राम पंचायत ठेहड़ में अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के उपलक्ष्य में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में तहसील कल्याण अधिकारी कांगड़ा सुभाष चंद ने वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया और उनके अनुभवों को सुना।
विशेष रूप से तारा चंद, जिनकी उम्र 100 वर्ष है, को तहसील कल्याण अधिकारी कांगड़ा सुभाष चंद और पंचायत प्रधान मंजीत मन्हास द्वारा शाल और टोपी से सम्मानित किया गया। इसके अलावा, कुछ वरिष्ठ नागरिकों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लपियाणा में रक्तचाप, मधुमेह आदि की स्वास्थ्य जांच भी करवाई गई।
सुभाष चंद तहसील कल्याण अधिकारी कांगड़ा ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की। इनमें सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, स्वर्ण जयंती आश्रय योजना, अंतरजातीय विवाह पुरस्कार, दिव्यांग विवाह अनुदान, दिव्यांग छात्रवृत्ति योजना, राष्ट्रीय परिवार सहायता कार्यक्रम, यूडीआईडी कार्ड और नशा निवारण के बारे में विस्तार से बताया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और लाभान्वित हुए।





