उज्ज्वल हिमाचल। शाहपुर
हिमाचल प्रदेश के शिक्षा क्षेत्र को एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, शाहपुर के छात्र आयुष, पुत्र श्री उत्तम चंद, ने जेईई मेन परीक्षा में सफलता के बाद अब जेईई एडवांस जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में भी शानदार सफलता प्राप्त की है। इस अभूतपूर्व उपलब्धि से आयुष ने अपने विद्यालय, अभिभावकों, तथा समस्त शाहपुर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। आयुष की यह सफलता हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा संचालित समय शिक्षा योजना (STARS Project) के अंतर्गत संभव हो सकी, जिसके माध्यम से अवंति फैलो (Avanti Fellow) द्वारा राज्य के चयनित मेधावी छात्रों को विशेषज्ञों द्वारा निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग प्रदान की जाती है।

इस योजना की परिकल्पना और सशक्त क्रियान्वयन में स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टर श्री राजेश शर्मा (IFS) की दूरदर्शिता, नेतृत्व क्षमता और निरंतर प्रयासों की प्रमुख भूमिका रही है। उनके मार्गदर्शन में सरकारी विद्यालयों के होनहार छात्रों को गुणवतापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध हो सका, जिसके परिणामस्वरूप आयुष जैसे विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। इस सफलता पर डिप्टी डायरेक्टर (क्वालिटी कंट्रोल), जिला कांगड़ा, कंचन ज्योति ने आयुष को शुभकामनाएं देते हुए कहा सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत छात्रों की प्रतिभा अत्यंत विलक्षण होती है। यदि उन्हें उचित मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, तो वे किसी भी प्रतियोगिता में पीछे नहीं रहते।

आयुष इसका जीवंत उदाहरण है। इस अवसर पर State Coordinator Ms. Sonia Sharma ने भी आयुष को अपनी शुभकामनाएं दी और कहा कि आयुष की सफलता यह दर्शाती है कि यदि छात्रों को उपयुक्त मंच और सहारा मिले, तो वे किसी भी मुकाम को छू सकते हैं। उसे उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं। District Coordinator Sh. Vishwanath Malkotia ने भी आयुष को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता केवल आयुष की नहीं, बल्कि पूरे जिले की उपलब्धि है। हम सभी को उस पर गर्व है और भविष्य में भी वह नई ऊंचाइयों को छुए, यही कामना है। विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, अभिभावक तथा स्थानीय जनसमुदाय ने भी आयुष को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी और उसके स्वर्णिम भविष्य की कामना की है।





