लंबित विकासात्मक कार्यों को शीघ्र किया जाए पूर्ण : यादविंद्र गोमा

कहा, स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की बिक्री के लिए उपलब्ध हुई बेहतर सुविधा

उज्ज्वल हिमाचल। लम्बागांव

आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा की अध्यक्षता में वीरवार को ग्रामीण विकास और पंचायती राज विभाग के तहत विकास खंड लम्बागांव के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ विभिन्न विभागीय योजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई  बैठक में महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी अधिनियम, 15वें वितायोग के साथ अन्य विभागीय योजनाओं के तहत किए जा रहे विभिन्न विकासात्मक कार्यों की समीक्षा की गई ।

खंड विकास कार्यालय लंबागांव द्वारा  ग्रामीण स्तर पर की जा रही विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों के और बेहतर कार्यान्वयन को सुनिश्चित बनाने के लिए आयुष मंत्री ने कार्यालय के अधिकारियों और सभी कर्मचारियों को प्राथमिकता के साथ कार्य निष्पादन का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर पर आधारभूत विकास के लिए  विभाग की मुख्य भूमिका है । ऐसे में यहां कार्यरत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का यह मौलिक दायित्व बनता है कि वे समयबद्ध सीमा के भीतर विकासात्मक कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित बनाएं ।

उन्होंने 15वें वितायोग के तहत लंबित विकासात्मक कार्यों प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के भी निर्देश दिए ताकि आमजन  लाभान्वित हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि मनरेगा के तहत किया जा रहे कार्यों को समयबद्ध पूर्ण करने के साथ-साथ गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाए।


उन्होंने यह भी कहा कि 5 दिन के भीतर सभी विकासात्मक कार्यों का पूर्ण ब्यौरा प्रस्तुत किया जाए। बैठक में विभिन्न विभागीय योजनाओं की समीक्षा के दौरान खंड विकास अधिकारी सिकंदर कुमार ने अवगत किया  कि विकासखंड तीसा के तहत जारी वित्त वर्ष के दौरान  मनरेगा के अंतर्गत अब तक लगभग 97 लाख रुपए विभिन्न योजनाओं पर  व्यय किए गए हैं । इसके अतिरिक्त महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी अधिनियम के माध्यम से जारी वित्त वर्ष में अभी तक  27232 कार्य दिवस अर्जित किए गए हैं।

इससे पहले यादविंद्र गोमा ने विकासखंड कार्यालय लंबागांव के परिसर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत निर्मित हिम ईरा दुकान का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सृदृढ़ करने की दिशा में हिम ईरा दुकानों की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि विकासखंड लंबागांव के पंजीकृत 609 स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए ऑर्गेनिक व पारंपरिक उत्पादों की बिक्री के लिए हिम ईरा शॉप की बेहतर सुविधा उपलब्ध हुई है।

इस दौरान जसवंत डढ़वाल, पंचायत समिति अध्यक्ष कुलवंत राणा सहित खंड विकास कार्यालय के अधिकारी, पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

विशेष संवाददाता : बलजीत शर्मा