बीएड अंतिम सत्र के प्रशिक्षुओं ने ली शिक्षक धर्म और नैतिक मूल्यों की शपथ

उज्जवल हिमाचल । शाहपुर

द्रोणाचार्य पीजी कॉलेज ऑफ एजुकेशन, रैत के स्टूडेंट्स काउंसिल एसोसिएशन द्वारा प्रशिक्षण एवं विकास प्रकोष्ठ के सहयोग से ‘इम्प्रेशन्स’ भावी अध्यापकों के लिए शपथ ग्रहण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “मूल्यों, कौशलों से युक्त 21वीं सदी के शिक्षकों को सशक्त बनाकर उज्ज्वल एवं गौरवशाली भविष्य की ओर अग्रसर करना।” रहा। यह समारोह भावी शिक्षकों में नैतिक मूल्यों, व्यावसायिक दक्षताओं एवं नेतृत्व क्षमता के विकास के उद्देश्य से आयोजित किया गया। कॉलेज में ‘इम्प्रेशन्स’ एक स्थापित वार्षिक शपथ कार्यक्रम के रूप में जाना जाता है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं कार्यकारी निदेशक डॉ. बी. एस. पठानिया का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं बैज पहनाकर किया गया। दीप प्रज्ज्वलन और श्लोक वाचन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात स्वागत भाषण, कार्यक्रम परिचय तथा मुख्य अतिथि का प्रेरणादायी संबोधन आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने विद्यार्थियों को समर्पित, संवेदनशील एवं उत्तरदायी शिक्षक बनने का संदेश दिया।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने ‘परख’ गतिविधि के अंतर्गत अपने अनुभव एवं सुझाव साझा किए। विभिन्न माइक्रो-टीचिंग समूहों के विद्यार्थियों ने डायरी टिप्पणियों, वीडियो अनुभवों तथा फीडबैक के माध्यम से अपने प्रशिक्षण काल की सीख और यादगार अनुभव प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में स्टूडेंट्स काउंसिल प्रतिनिधियों ने आभार एवं विदाई संदेश भी दिया।

कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रवीण कुमार शर्मा द्वारा भावी शिक्षकों को शपथ दिलाई गई विद्यार्थियों ने शिक्षा के क्षेत्र में ईमानदारी, नैतिकता और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। अंत में विभागाध्यक्ष असिस्टेंट प्रोफेसर सुमित शर्मा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। राष्ट्रीय गान, सामूहिक छायाचित्र एवं अल्पाहार के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर कॉलेज प्रबंधक निदेशक जीएस पठानिया, कार्यकारिणी निदेशक बीएस पठानिया,प्राचार्य प्रवीण शर्मा,विभागाध्यक्ष सुमित शर्मा शैक्षणिक अधिष्ठाता डा अनीता चंदेल सहित प्राध्यापकगण तथा बीएड अंतिम सत्र के प्रशिक्षुओं मौजूद रहें

Please share your thoughts...