स्वर्ण आयोग गठन की मांग दोहराई, अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई हो : बच्चन सिंह राणा

उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा

अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय समन्वयक बच्चन सिंह राणा ने कहा है कि महासभा प्रदेश के प्रत्येक जिले में राजपूत समुदाय को संगठित करने के लिए व्यापक सदस्यता अभियान चलाएगी। कांगड़ा में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की रणनीति साझा की। राणा ने कहा कि महासभा यूजीसी से जुड़े मुद्दों को लेकर गंभीर है और इस संबंध में प्रदेशभर में जनजागरण अभियान शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि स्वर्ण समाज में एकजुटता की कमी के कारण आज राजनीतिक स्तर पर उसकी अपेक्षित भागीदारी और प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने दावा किया कि आबादी के अनुपात में स्वर्ण समाज को उसका उचित हक नहीं मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में स्वर्ण आयोग के गठन को लेकर पूर्व भाजपा सरकार ने आश्वासन दिया था, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। वहीं वर्तमान कांग्रेस सरकार भी अपने वादे से पीछे हटती नजर आ रही है। उन्होंने सरकार से जल्द स्वर्ण आयोग के गठन की मांग की।

प्रेसवार्ता के दौरान बच्चन सिंह राणा ने कांगड़ा जिले की विभिन्न खड्डों में हो रहे कथित अवैध खनन का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि अंधाधुंध खनन से पर्यावरण संतुलन प्रभावित हो रहा है तथा भूमि कटाव के कारण किसानों की उपजाऊ जमीन को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में सख्त कार्रवाई करने की मांग की। राणा ने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने भर्ती प्रक्रियाओं को शीघ्र शुरू करने तथा प्रत्येक जिले में नियमित रूप से रोजगार मेलों के आयोजन की मांग की।

इसके अलावा उन्होंने प्रदेश के प्रमुख शक्तिपीठों और धार्मिक स्थलों के आसपास मीट और मछली की दुकानों पर प्रतिबंध लगाने की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि धार्मिक आस्था और श्रद्धालुओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा सामाजिक, शैक्षणिक और जनहित के मुद्दों को लेकर प्रदेशभर में अपनी गतिविधियों को और तेज करेगी।

Please share your thoughts...