DPS स्कूल में बालाजी हॉस्पिटल कांगड़ा ने डॉक्टर्स डे पर किया मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम

उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा

डॉक्टर्स डे के अवसर पर श्री बालाजी हॉस्पिटल कांगड़ा के सौजन्य से दिल्ली पब्लिक स्कूल, कांगड़ा यानी डीपीएस स्कूल कांगड़ा में ‘मानसिक स्वास्थ्य एवं वेलनेस’ विषय पर विशेष सत्र का आयोजन किया गया। श्री बालाजी हॉस्पिटल कांगड़ा की टीम की ओर से वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अतुल गुप्ता ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। डॉ. गुप्ता ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ दिमाग ही स्वस्थ शरीर की पहचान है। उन्होंने बच्चों को तनाव को सकारात्मक तरीके से संभालने, अपनी भावनाएं खुलकर साझा करने, रोजाना स्वस्थ आदतें अपनाने और जरूरत पड़ने पर बिना झिझक मदद मांगने का संदेश दिया।

इस दौरान छात्रों ने भी उत्साह से डॉ. गुप्ता से सवाल-जवाब किए। विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या डॉ. मीनाक्षी नाग ने श्री बालाजी हॉस्पिटल कांगड़ा की इस पहल का आभार जताया और कहा कि ऐसे सत्र आज के समय में बच्चों के लिए बेहद उपयोगी हैं।

इस पहल पर श्री बालाजी हॉस्पिटल कांगड़ा के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने संदेश भेजकर कहा, “भले ही मैं स्वयं उपस्थित नहीं हो सका, लेकिन हमारे अस्पताल की टीम के सौजन्य से ऐसे जागरूकता सत्र आगे भी लगातार लगते रहेंगे। हमारा उद्देश्य बच्चों तक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी पहुंचाना और एक स्वस्थ समाज का निर्माण करना है।” कार्यक्रम के अंत में स्कूल प्रबंधन ने सभी चिकित्सकों को डॉक्टर्स डे की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

Please share your thoughts...