बल्ह में टोमैटो प्रोसेसिंग यूनिट खुलने से किसानाें काे मिलेगा लाभ

उमेश भारद्वाज। सुंदरनगर

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिला मंडी में अब टमाटर की फसल करने वाले किसान घर द्वार मालामाल होने जा रहे हैं। मिनी पंजाब के नाम से मशहूर मंडी जिला की बल्ह घाटी अपनी करोड़ों की टमाटर की फसल के लिए जानी जाती है। किसानों को अपनी टमाटर की फसल का उचित दाम और व्यापारियों की कमी से झूझने की समस्या को लेकर हिमाचल प्रदेश सरकार ने बल्ह घाटी में टोमैटो प्रोसेसिंग यूनिट खोलने का निर्णय लिया गया है।

इसके तहत सरकारी या प्राईवेट कंपनी द्वारा बल्ह घाटी के लाल टमाटर को प्रोसेस कर टोमैटो कैचप बनाई जाएगी। जानकारी देते हुए बल्ह विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने कहा कि बल्ह क्षेत्र में टमाटर की बंपर फसल होती है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष कोरोना महामारी के चलते टमाटर की खेती करने वाले किसानों को अपनी फसल के लिए व्यापारियों की चिंता सताने लग गई थी।

इस पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से बात की गई और मुख्यमंत्री द्वारा वर्ष 2018 में बल्ह में टोमैटो प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना की घोषणा को पूर्ण करने की भी चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि जल्द ही हिमाचल प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशानुसार बल्ह में टमाटर किसानों को उचित मूल्य देने के अलावा अपना प्रोसेसिंग यूनिट भी होगा।

गांधी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा बल्ह क्षेत्र में लगभग 10 कलेशन सेंटर खोलने से भी किसानों को फायदा पहुंचा है। इससे किसानों को अपनी टमाटर की फसल का अच्छा मूल्य मिला हैं। विधायक ने बल्ह क्षेत्र के किसानों को फायदा पहुंचाने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार व्यक्त किया है।