उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा
बाल विकास परियोजना कार्यालय कांगड़ा के सौजन्य से पंचायत पलेरा और नंदरुल में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी संदीप बग्गा ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बेटियों को आत्मनिर्भर बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वह बेटियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करे, ताकि वे अपने सपनों को साकार कर सकें।
उन्होंने कहा कि आज बेटियां शिक्षा, विज्ञान, खेल, प्रशासन, सेना और अन्य सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। ऐसे में समाज को बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच अपनाते हुए उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराने चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान कला मंच रजोल के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक और प्रेरणादायक गीतों के माध्यम से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का संदेश प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति के जरिए कन्या भ्रूण हत्या, बालिका शिक्षा और महिलाओं के सम्मान जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों पर भी लोगों को जागरूक किया।
संवाददाता: तेजस्वी चौधरी





