कांग्रेस अध्यक्ष की अमर्यादित टिप्पणी पर भाजपा किसान मोर्चा का करारा प्रहार

"प्रधानमंत्री के अपमान की सीमा पार — कांग्रेस की विकृत मानसिकता का खुलासा, तत्काल माफी की मांग"

उज्जवल हिमाचल । कांगडा

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा पटना में 25 अक्टूबर को आयोजित एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई अत्यंत विवादित, अमर्यादित और निंदनीय टिप्पणी पर भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा, हिमाचल प्रदेश ने कड़ा रुख अपनाते हुए आक्रामक प्रहार किया है। प्रदेश प्रवक्ता कुलदीप शर्मा ने कहा कि खरगे की यह टिप्पणी न केवल राजनीतिक मर्यादा की सीमा पार करने वाली है, बल्कि कांग्रेस की विकृत मानसिकता, राजनीतिक दिवालियापन और नकारात्मकता का भी खुलासा करती है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस के पास जनता के सामने रखने के लिए कोई ठोस मुद्दा, नीति या दृष्टिकोण नहीं बचा है, तब वह ऐसी सस्ती और घटिया राजनीति का सहारा लेती है।

शर्मा ने कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन प्रधानमंत्री के संबंध में किसी भी राजनीतिक नेता को अपनी भाषा और शब्दों की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हो सकते हैं, लेकिन व्यक्तिगत और पारिवारिक टिप्पणियों से राजनीतिक संवाद का स्तर गिरता है और यह सस्ती राजनीति का सबसे बड़ा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता बार-बार यह सिद्ध कर रहे हैं कि वे सत्ता में न रहने की हताशा में मर्यादाओं को तार-तार करने पर उतर आए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देश ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व में भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं, और उनके विरुद्ध इस प्रकार की अमर्यादित टिप्पणी केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों के सम्मान का अपमान है।

भाजपा किसान मोर्चा ने कांग्रेस अध्यक्ष से तत्काल सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि देश की जनता ऐसी अमर्यादित और नीची राजनीति को कभी स्वीकार नहीं करेगी। जनता ने 2014 और 2024 में कांग्रेस की इसी मानसिकता को करारा जवाब दिया है, और आगे भी देगी। शर्मा ने कहा कि किसान मोर्चा हिमाचल प्रदेश पूरी तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के साथ खड़ा है और कांग्रेस की इस तरह की घटिया राजनीति का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने कांग्रेस से यह भी सवाल किया कि क्या उसके नेता देश के प्रधानमंत्री के सम्मान की रक्षा करना अपना कर्तव्य नहीं समझते? उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कांग्रेस अपनी इस अमर्यादित भाषा और व्यवहार से बाज नहीं आई, तो आने वाले चुनावों में जनता उसे ऐसा सबक सिखाएगी जो इतिहास में दर्ज हो जाएगा।

Please share your thoughts...