उज्ज्वल हिमाचल। कांगड़ा
भंगवार पंचायत में विधायक पवन काजल की उपस्थिति में 17 परिवारों ने कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। यह घटनाक्रम विधायक पवन काजल के जनसंपर्क अभियान के दौरान हुआ। ग्रामीणों ने केंद्र सरकार की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया। विधायक काजल ने इस अवसर पर केंद्र में भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई ग्रामीण विकास, गरीब हितैषी, किसान समृद्धि, महिला सशक्तिकरण और युवा स्वरोजगार से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीणों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
काजल ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अपनी चुनावी गारंटियों जैसे महिलाओं को मासिक 1500 रुपये, बेरोजगारों को स्थायी रोजगार और 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने बिजली बिलों में मासिक फ्यूल चार्ज लगाकर आम जनता पर अतिरिक्त बोझ डाला है।
विधायक ने यह भी बताया कि रानीताल के लिए निर्माणाधीन साढ़े आठ करोड़ रुपये की पेयजल योजना में रानीताल, रजियाना बाँध के साथ भंगवार गांव भी शामिल है। इस योजना का निर्माण कार्य विधायक प्राथमिकता योजना के तहत किया जा रहा है।
भाजपा में शामिल होने वाले ग्रामीणों में पुरुषोत्तम, बलिराज, निरोत्तम, सिमली देवी, रंजू कुमारी, सुषमा कुमारी, सोनू कुमार, रजनीश कुमार, सोमा देवी, सुनीता देवी, नीलम कुमारी, लता देवी, प्रवीण कुमार, रविकांत, शकुंतला देवी और अजय सिंह शामिल हैं। विधायक काजल ने इन सभी का हार और भाजपा का पटका पहनाकर पार्टी में स्वागत किया।
इस अवसर पर भाजपा जयंती मंडल अध्यक्ष अशोक कुमार, महामंत्री विजय ठाकुर, सतप्रकाश सोनी, ग्राम पंचायत भंगवार की प्रधान इंदुमाला, उप प्रधान रविंदर सिंह, वार्ड पंच सपना देवी, अनिल कुमार और समस्त गांववासी उपस्थित रहे।





