भीम राव अम्बेडकर की पुण्यतिथि पर सीएम ने दी श्रद्धांजलि

उज्जवल हिमाचल ब्यूराे। शिमला

भारत के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की आज पुण्यतिथि है। उन्हें डॉ बाबासाहेब आंबेडकर के नाम से भी जाना जाता है। महान समाज सुधारक और विद्वान बाबासाहेब का निधन छह दिसंबर, 1956 को दिल्ली स्थित उनके घर पर हुआ था। संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि पर प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने चौड़ा मैदान स्थित अंबेडकर चौक पर उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि डॉ भीम राव अंबेडकर का स्वतंत्र भारत के निर्माण में बहुत बड़ा योगदान है।

उन्होंने जीवन भर संघर्ष कर अपनी लड़ाई को अंतिम दौर तक लड़ा समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। हम सभी को उनके शिद्धान्तों से सिखने की आवश्यकता है। वहीं, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि प्रदेश में लगातार कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे में अब सभी सामाजिक समारोह पर पूर्ण रोक लगाने की आवश्यकता है। सरकार ने सभी राजनीतिक कार्यक्रमों को भी वर्चुअली करने के निर्देश दिए हैं।उसमें भी संख्या 50 से अधिक नहीं होगी।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 80 फ़ीसदी लोग घर में ही आइसोलेशन में है। ऐसे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य लाभ दिया जा सकता है। इस पर अधिकारियों को मेकैनिज्म तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रोहड़ू के नागौर में हुई आगजनी की घटना पर दुख व्यक्त किया और और कहा कि जिला प्रशासन को पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद करने के निर्देश दिए गए हैं। घटना में कोई भी व्यक्ति चपेट में नहीं आया है, जबकि संपत्ति का नुकसान बहुत अधिक हुआ है। लोगों को सर्दी के मौसम में थोड़ा एहतियात बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।