कर्मचारियों के लिए मिसाल बने संजीव कुमार व हेमराज कौंडल

कामगारों के साथ मिलकर पूरे दिन पत्थर तोड़ने का किया कार्य

उज्जवल हिमाचल। नादौन

नादौन में कुछ सरकारी कर्मचारियों द्वारा फील्ड में उतर कर लोगो और मजदूरों के साथ मिलकर दिए जा रहे निस्वार्थ श्रमदान की सब लोग सराहना कर रहे हैं। इन कर्मचारियों ने जन सेवा के प्रति समर्पण की यह अनूठी मिसाल देकर एक उदाहरण प्रस्तुत किया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू जहां दिन रात प्रदेश की सेवा में लगे हैं उसी प्रकार उनके गृह विकास खंड नादौन में कुछ कर्मचारी भी कर्मठता से कार्य कर रहे हैं। नादौन की जलाडी पंचायत में ऐतिहासिक सरोवर के पुनरुद्धार कार्य में कनिष्ठ अभियंता हेमराज कौंडल ने दिन रात मनरेगा कामगारों के साथ मिलकर कार्य करके उदाहरण पेश किया था।

यह वही स्थल है जहां ऐतिहासिक तालाब से कुछ दिन पूर्व भगवान की पौराणिक मूर्तियां मिली थी इसके बाद यहां स्वच्छ जल की धारा बह निकली। वहीं अब नादौन विकास खंड की चोडू पंचायत में तकनीकी सहायक संजीव कुमार ने भी अनोखा उदाहरण पेश किया है। गत रविवार संजीव कुमार ने ब्यास नदी के तट की सुरक्षा व सौंदर्यीकरण के कार्य में कामगारों के साथ मिलकर पूरे दिन पत्थर तोड़ने का कार्य किया। इससे कामगारों का मनोबल बड़ा। बाकि दिन भी संजीव कुमार खुद खड़े रहकर दिन रात कार्य करवाते हैं। खंड विकास अधिकारी नादौन निशांत शर्मा ने कहा कि दोनो ही कर्मचारी बहुत कर्मठ हैं व अपनी लगन से अन्य सभी के लिए प्रेरणा स्त्रोत बने हैं।

संवाददाताः एमसी शर्मा

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें

Please share your thoughts...