जसवां परागपुर में कुछेक लोग कर रह समाज सेवा का ढोंग: बिक्रम ठाकुर

Bikram Thakur
बिक्रम ठाकुर

उज्जवल हिमाचल। जसवां परागपुर

उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर ने कहा कि कुछेक लोग जसवां परागपुर विस क्षेत्र में समाज सेवा का ढोंग कर रहे हैं जबकि असलियत यह है कि वे आने वाले दिनों में विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे। लोग इनके झांसे में न आएं। बिक्रम ठाकुर ने कलोहा में भवन एवं अन्य कामगार बोर्ड द्वारा आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि जनता इनसे सवाल करे कि जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास में उनका क्या योगदान रहा है। इन लोगों ने तो कभी यहां मतदान में भी भाग नहीं लिया। यह लोग इस वर्ष यहां पहली बार मतदान करेंगे। मंत्री ने यह भी कहा कि 25 वर्ष की राजनीति में उनके साथ जिसने भी चुनाव लड़ा। वह व्यक्ति दोबारा उनके इलाके में नजर नहीं आया जबकि हम लगातार काम में डटे रहे। हमने 5 सालों के अंदर आराम नहीं बल्कि काम करके दिखाया है।

उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र में नाम मात्र का ही विपक्ष है। जबकि उन्होंने विपक्ष में रहते हुए कई सड़कों पर धरने दिए व पदयात्राऐं भी कीं। जयराम सरकार ने इस क्षेत्र के विकास को गति प्रदान करने के लिए हमारी किसी भी मांग को नामंजूर नहीं किया है। वर्तमान दौर में कांग्रेस पार्टी अब तक के सबसे बुरे दौर से गुजर रही है जिस कारण वे सत्ता में वापसी के लिए ऐसी ऐसी घोषणाएं और गारंटियां दे रहे हैं जिन्हें पूरा करना किसी भी सरकार के लिए संभव नहीं है। पंजाब इसका साक्षात उदाहरण है, जहां अभी तक किसी भी महिला को वादे के अनुसार कुछ भी हासिल नहीं हुआ है।

बिक्रम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विश्व का अब तक का सबसे लोकप्रिय नेता बताते हुए कहा कि पूरे देश को मोदी के नेतृत्व पर नाज है। हाल ही में 4 राज्यों के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने अपनी सरकारें रिपीट की हैं और अब हिमाचल प्रदेश और गुजरात में भी कमल खिलने से कोई नहीं रोक सकता। एक के बाद एक बड़ा नेता कांग्रेस पार्टी को छोड़ रहा है। पार्टी छोड़ने वालों की सूची लंबी होती जा रही है। कांग्रेस को इस बात का आभास हो गया है कि अब उनका सत्ता में लौटना संभव नहीं है। कार्यक्रम में उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने विकास खंड प्रागपुर और डाडा सीबा के अंतर्गत आने वाली 79 ग्राम पंचायतों के मनरेगा कामगारों को 844 पहचान पत्र जबकि 300 लोगों को स्किल डेवलपमेंट प्रमाण पत्र बांटे। मंत्री ने कहा कि पहचान पत्र मिलने के उपरांत मनरेगा कामगारों को हर तरह की सुविधाएं मिलना आरंभ हो जाएंगी।

बिक्रम ठाकुर ने लाभार्थी वर्ग के साथ सीधा संवाद भी किया। अधिकांश कामगारों ने सरकार द्वारा शुरू की गई इस तरह की योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री और उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर का आभार जताया। कुछेक कामगारों का कहना था कि उन्हें आवेदन करने के उपरांत राशि नहीं मिली है। इस पर मंत्री ने श्रम अधिकारी को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिला श्रम अधिकारी राज कुमार शर्मा ने बोर्ड द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि मनरेगा कामगार यदि एक वित्तीय वर्ष में 90 दिन पूर्ण कर लेता है तो उसे शिक्षा, चिकित्सा, बच्चों की पढ़ाई, बेटी के जन्म पर सहायता राशि के अलावा आवास निर्माण के लिए भी बोर्ड राशि उपलब्ध करवाता है।

इस अवसर पर एसडीएम देहरा संकल्प गौतम ,बी डी ओ परागपुर कंवर सिंह, मंडल अध्यक्ष, विनोद शर्मा, महिला मोर्चा अध्यक्ष अनीता सपेहिया, कांगड़ा जिला परिषद की उपाध्यक्ष स्नेह लता परमार, जिला परिषद सदस्य अश्विनी ठाकुर, पंचायत प्रधान बिंदु बाला, शशि वाला, बंदना देवी, अनीता राणा, पूनम धीमान तथा रूप कुमार सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान तथा पंचायत सचिव भी उपस्थित रहे।