राहुल गांधी की लोकप्रियता से घबरा रही भाजपाः CM सुक्खू

राहुल गांधी लोकतंत्र की आवाज

उज्जवल हिमाचल। शिमला

लोकसभा से राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करने पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि राहुल गांधी लोकतंत्र की आवाज है और जनता के इस लोकतंत्र को बचाने के लिए राहुल गांधी लड़ाई लड़ रहे हैं। कन्याकुमारी से कश्मीर तक राहुल गांधी ने भारत छोड़ो यात्रा कर लोकतंत्र की आवाज को मजबूत किया है जिसकी लोकप्रियता से भाजपा घबरा गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को राहुल गांधी से खतरा लग रहा है इसीलिए राहुल गांधी को चुप कराने का केंद्र की भाजपा सरकार षड्यंत्र रच रही है। भाजपा संसद के अंदर तो राहुल गांधी की आवाज दबा सकती हैं लेकिन जनता की अदालत में उनकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता।

यह भी पढ़ेंः परमयोग से स्वस्थ मस्तिष्क का होता है विकासः कृष्णा अवस्थी

कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के साथ खड़ी है और आने वाले समय में एक बड़ा आंदोलन भी केंद्र सरकार के खिलाफ किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर लोकतंत्र को बचाना है तो सभी विपक्षी दलों को एक मंच पर आकर लड़ाई लड़नी होगी तभी लोकतंत्र बच पाएगा। वहीं मुख्यमंत्री ने सीपीएस नियुक्ति को एक संस्था द्वारा हाईकोर्ट में चुनौती दिए जाने पर कहा कि यह एक कानूनी प्रक्रिया है जिसको लेकर सरकार कोर्ट में जवाब देगी।

ब्यूरो रिपोर्ट शिमला

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें।