भाजपा किसान मोर्चा की सरकार को दो टूक चेतावनी, सब्सिडी नहीं मिली तो होगा आंदोलन

उज्जवल हिमाचल।कांगड़ा

प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला है और किसानों को समय पर सब्सिडी व सुविधाएं न मिलने पर पूरे प्रदेश में व्यापक आंदोलन की धमकी दी है। मोर्चा के प्रवक्ता डॉ. कुलदीप शर्मा ने सरकार पर किसानों के प्रति ‘दोहरी नीति’ अपनाने और उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर करने का गंभीर आरोप लगाया है।

‘मौसम की मार के बाद सरकारी नीतियों की मार’
डॉ. शर्मा ने एक प्रेस वक्तव्य जारी कर कहा कि एक ओर जहां मौसम की मार से किसान पहले से ही बेहाल हैं, वहीं प्रदेश सरकार अपनी ही नीतियों के तहत किसानों को दी जाने वाली विभिन्न सुविधाओं और सब्सिडी से वंचित रखकर अपना ‘दोहरा चरित्र’ दिखा रही है। उन्होंने कहा, “यह पहली बार हो रहा है कि प्रदेश के किसानों को न तो समय पर उत्तम किस्म का बीज मिला और न ही खाद। यह स्वयं में एक शर्मनाक स्थिति है।”

भाजपा नेता ने वर्तमान सरकार के रवैये की तुलना पूर्व भाजपा मुख्यमंत्रियों के कार्यकाल से करते हुए कहा, “चाहे शांता कुमार जी हों, प्रो. प्रेम कुमार धूमल जी हों या जयराम ठाकुर जी, सभी ने किसानों की हर समस्या का त्वरित समाधान किया, उन्हें कभी मायूस नहीं होने दिया। हम हर अच्छे-बुरे की परख रखते हैं और गलत करने वाले का पुरजोर विरोध करने की क्षमता रखते हैं।”

स्पष्ट चेतावनी: “जिम्मेदारी सरकार की होगी”
डॉ. शर्मा ने सरकार को सचेत करते हुए स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी, “प्रदेश के किसानों व बागवानों को नीति अनुसार मिलने वाली सब्सिडी यदि शीघ्र जारी नहीं की गई, तो भाजपा किसान मोर्चा पूरे प्रदेश में आंदोलन पर उतरने के लिए मजबूर होगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी।”

उन्होंने आगे कहा, “किसान देश के अन्नदाता हैं। अन्नदाता के साथ अत्याचार हम सहन नहीं करेंगे। सरकार चारों तरफ से किसानों को आत्महत्या के लिए मजबूर करना चाहती है, लेकिन भाजपा किसान मोर्चा ऐसा होने नहीं देगा।”सब्सिडी न मिली तो आंदोलन पर उतरेंगे, जिम्मेदारी सरकार की होगी” – डॉ. कुलदीप शर्मा, प्रवक्ता, प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा भाजपा किसान मोर्चा का यह बयान ऐसे समय में आया है जब प्रदेश के कई हिस्सों में मौसमी अनिश्चितताओं से किसानों की फसलें 6प्रभावित हुई हैं और कृषि लागत में वृद्धि के कारण उनकी मुश्किलें बढ़ी हैं। सरकार की ओर से अब तक इस आरोप पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।