उज्जवल हिमाचल । नई दिल्ली
हिमाचल प्रदेश भाजपा के नेता एवं प्रदेश सह-संयोजक, पर्यटन प्रकोष्ठ, हिमाचल प्रदेश भाजपा, दिशांत कपिल ने कल नई दिल्ली में परम पूज्य श्री कैलाशानंद महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर दिशांत कपिल ने हिमाचल प्रदेश की देवभूमि की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं सहित प्रदेश के विकास और सामाजिक एकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर महाराज जी से चर्चा की।

कपिल ने परम पूज्य श्री कैलाशानंद जी महाराज को हिमाचल प्रदेश पधारने का सादर निमंत्रण देते हुए आग्रह किया कि वे देवभूमि हिमाचल में आकर प्रदेशवासियों को अपने दर्शन एवं आशीर्वाद प्रदान करें। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सदियों से संत-महात्माओं, ऋषि-मुनियों और सनातन परंपराओं की पवित्र भूमि रहा है। ऐसे में परम पूज्य महाराज जी का हिमाचल आगमन प्रदेशवासियों के लिए आध्यात्मिक रूप से महत्वपूर्ण अवसर होगा।
“हिमाचल देवभूमि है और संतों का आशीर्वाद इस भूमि की आध्यात्मिक शक्ति को और मजबूत करता है। मेरी हार्दिक इच्छा है कि परम पूज्य श्री कैलाशानंद जी महाराज हिमाचल पधारें और अपनी पावन उपस्थिति एवं आशीर्वाद से हिमाचलवासियों को कृतार्थ करें।”
उन्होंने आगे कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों के वर्ष में हिमाचल प्रदेश में सामाजिक सद्भाव, शांति, सांस्कृतिक मूल्यों और सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देना भी महत्वपूर्ण है। इसी भावना के साथ उन्होंने महाराज जी से हिमाचल आने का अनुरोध किया। भेंट के दौरान दिशांत कपिल ने महाराज जी को पुष्पमाला अर्पित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और हिमाचल प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं प्रदेशवासियों के कल्याण के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया।





