300 फीट गहरी खाई में गिरी बोलेरो गाड़ी , दो युवकों की गई जान, एक गंभीर घायल

उज्जवल हिमाचल । मंडी

शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। खाबल-रोहड़ू मार्ग पर एक बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 300 फुट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटना खाबल गांव के पास हुई। वाहन के गिरने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही रोहड़ू पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

हादसे में खाबल निवासी विशाल और देनवाड़ी निवासी राजवंश की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं घायल युवक की पहचान सोंदाड़ी गांव के कामराज पुत्र सुरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए रोहड़ू अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।