उज्जवल हिमाचल।नूरपुर
पुलिस जिला अधीक्षक नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने गत दिवस एम.सी.एस. स्कूल, नूरपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों से संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को चिट्टे सहित नशीले पदार्थों के बढ़ते चलन और उसके गंभीर दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। एसपी वर्मा ने छात्रों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि नशा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए सबसे बड़ा खतरा है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों में लगाएं तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि जिला नूरपुर पुलिस नशे के खिलाफ जनता के साथ मिलकर एकजुट है और नशे को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। एसपी वर्मा ने युवाओं से अपील की कि यदि उन्हें नशीले पदार्थों से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी मिले, तो वे बिना डर पुलिस को सूचित करें। इस जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से बचाना और समाज को एक स्वस्थ व सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाना है।
संवाददाता :विनय महाजन





