भांग के 20 हजार पौधे किए नष्ट

मनीष ठाकुर। कुल्लू

जिला कुल्लू में पुलिस के द्वारा नशे की खेती को नष्ट किए जाने का अभियान लगातार जारी है। जिसके चलते व्यासर के साथ लगते इलाके में कुल्लू पुलिस की टीम ने भांग के 20000 पौधों को नष्ट किया है। वहीं जमीन के मालिक का भी पता लगाया जा रहा है। जिला कुल्लू की उझी घाटी के साथ लेते व्यासर गांव के समीप ही पुलिस ने एक 7 बीघा भूमि से भांग के 20,000 पौधों को नष्ट करने में सफलता हासिल की है। वहीं पुलिस अब इस मामले में जमीन की निशानदेही करने जा रही है ताकि भूमि के मालिक का पता लगाया जा सके। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उन्हें सूचना मिली कि सेब के बगीचे में किसी व्यक्ति ने भांग की अफीम खेती कर रखी है।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके की ओर रवाना हुई। पुलिस की टीम से ऊपर पहाड़ी की ओर जा रही थी, तो उन्हें भांग की खेती नजर आई। यह खेती सेब के बगीचे के बीच में की गई थी। पुलिस के टीम ने भांग के पौधों की गिनती की, तो वो 20 हजार पाए गए। जिसके चलते पुलिस ने पूरे खेत की वीडियोग्राफी की और भांग की खेती को नष्ट कर दिया। वहीं अब आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

एसपी गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस लगातार भांग व अफीम की खेती को नष्ट करने में जुटी हुई है। उस जमीन की निशानदेही के लिए राजस्व विभाग को पत्र लिखा जाएगा, ताकि निशानदेही के दौरान भूमि के मालिक की जानकारी मिल सके। उन्होंने बताया कि पुलिस भूमि के मालिक पर आगामी कार्रवाई अमल में लाएगी। गौर रहे, कि कुल्लू पुलिस के द्वारा भांग के 1 लाख 42 हजार व अफीम के 1 लाख 13 हजार पौधों को नष्ट किया गया है। वहीं 47 मामले दर्ज किए गए हैं।