बज्रेश्वरी मंदिर में श्रावण अष्टमी और मिंजर उत्सव की तैयारियां तेज, SDM ने दिए जरूरी निर्देश

उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा

एसडीएम कांगड़ा डॉक्टर अंजली गर्ग की अध्यक्षता में बज्रेश्वरी मंदिर कांगड़ा के मिंजर उत्सव और श्रावण अष्टमी मेलों के आयोजन को लेकर बैठक आयोजित की गई। इस मौके पर मंदिर अधिकारी शिवाली ठाकुर, तहसीलदार कांगड़ा प्रकाश चंद, ट्रस्ट के सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक में श्रावण अष्टमी के मेलों के भव्य आयोजन को लेकर सभी विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

एसडीएम कांगड़ा ने कहा 13 अगस्त से 22 अगस्त तक श्रावण अष्टमी के मेले शुरू होने जा रहे हैं मेले धूमधाम से मनाए जाएं इसके लिए उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को अपने अंतर्गत आने वाले कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा बज्रेश्वरी धाम पहुंचने वाले हजारों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों यह सुनिश्चित करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी और सुरक्षा कैमरे लगाने के निर्देश दिए। बैठक में मंदिर में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अतिरिक्त सफाई कर्मी नियुक्त करने को लेकर सहमति प्रदान की गई।

बैठक में श्रद्धालुओं के ठहरने वाली सरायों में बिजली, पानी, सफाई और शौचालय की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश जारी किए गए। बैठक में बड़े वाहनों की आवाजाही कांगड़ा शहर में तय समय के अतिरिक्त ना हो इसे सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में 21 जुलाई से 28 जुलाई तक कांगड़ा मंदिर में मिंजर उत्सव को भव्य बनाने को लेकर सहमति प्रदान की गई इस उत्सव में भव्य शोभा यात्रा विसर्जन के दिन आयोजित की जाएगी। बज्रेश्वरी घाट में श्रद्धालुओं के लिए पीने के पानी की व्यवस्था करने को लेकर बैठक में निर्णय लिया गया। मंदिर की आय बढ़ाने के लिए बैठक में मंदिर द्वारा फूड वैन चलाने को लेकर चर्चा की गई। श्रद्धालु जन्मदिन या किसी अन्य आयोजन में खाद्य सामग्री के लिए मंदिर से फूड वैन उचित दामों में उपलब्ध करवा सकेंगे।

श्रद्धालुओं को तहसील चौक से बृजेश्वरी घाट तक लाने और ले जाने के लिए बस सुविधा उपलब्ध करवाने को लेकर भी चर्चा हुई। बैठक में यह चर्चा की गई की किस प्रकार इस वर्ष श्रावण अष्टमी मेलों के आयोजन को पहले से और अधिक भव्य बनाया जाए और श्रद्धालुओं के लिए और अधिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। एसडीएम कांगड़ा ने ट्रस्ट के सभी सदस्यों से मेलों के भव्य आयोजन को लेकर चर्चा की और उनके सुझाव भी लिए।

संवाददाता: तेजस्वी चौधरी