नगरोटा बगवां में स्कूटी से 261 ग्राम चरस बरामद, 21 वर्षीय युवक के खिलाफ मामला दर्ज

मस्सल रोड पर पुलिस ने नाकाबंदी कर की कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज

उज्ज्वल हिमाचल। नगरोटा बगवां

नगरोटा बगवां पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक स्कूटी से 261 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में 21 वर्षीय युवक के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 और 28 अक्टूबर की मध्यरात्रि को थाना प्रभारी संजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति स्कूटी पर सवार होकर मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त में संलिप्त है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मस्सल रोड पर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में नाकाबंदी की। इस दौरान सूचना के अनुसार एक स्कूटी को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान स्कूटी की डिग्गी में रखे कागजी लिफाफे से 261 ग्राम चरस बरामद हुई।

मामले में पुलिस ने कार्तिक निवासी गांव ठारू, तहसील नगरोटा बगवां, जिला कांगड़ा, उम्र लगभग 21 वर्ष, के खिलाफ पुलिस थाना नगरोटा बगवां में मुकदमा संख्या 160/2026, दिनांक 28 अक्टूबर 2026, धारा 20-61-85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और संबंधित स्कूटी को नियमानुसार कब्जे में ले लिया है। मामले में आगामी जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Please share your thoughts...