उज्जवल हिमाचल। कांगड़ा
पूर्व मुख्य संसदीय सचिव एवं पूर्व विधायक चौधरी सुरेंद्र काकू ने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में कभी पैसे देकर वोट नहीं खरीदा, बल्कि जनता की सेवा और विकास के दम पर विश्वास अर्जित किया है। वह अपने कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के दूसरे चरण के विकास संपर्क अभियान के तहत गांव अपर कोहाला पहुंचे। यहां उन्होंने महिला शक्ति नैना महिला मंडल की महिलाओं से मुलाकात की। इस दौरान ग्रामीणों, महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने उनका जोरदार स्वागत किया और अपनी समस्याएं एवं मांगे उनके समक्ष रखीं। काकू ने सभी मांगों को प्राथमिकता से पूरा करने का आश्वासन दिया।
कोहाला गांव में किए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में क्षेत्र का नक्शा बदला है। बरसात के दौरान 25 लाख रुपये की लागत से कोहाला में पुल का निर्माण करवाया गया। नागनी माता मंदिर तक जाने वाली सड़क के लिए 50 लाख रुपये स्वीकृत करवाए। खोपू गांव की सड़क का निर्माण कार्य प्रगति पर है। घुरकड़ी से अपर कोहाला तक 8 किलोमीटर सड़क के लिए 3 करोड़ रुपये और मनुनी खड्ड पर 2 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण करवाया गया।
इसके अलावा 4 करोड़ रुपये से कोहाला गांव में पेयजल योजना, स्कूल में नए कमरों का निर्माण और स्कूल को दसवीं तक अपग्रेड करवाना, 2 करोड़ रुपये से कूहलों का निर्माण और लाखों रुपये से संपर्क मार्गों का निर्माण जैसे कार्य भी करवाए गए। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में अनेकों हैंडपंप लगवाए और उन पर बिजली मोटरें लगाकर लोगों को बिजली बिल से मुक्त करवाया।
सुरेंद्र काकू ने कहा कि कुछ हैंडपंप छूट गए थे, अब विरोधी लोग उन पर मोटर लगाकर राजनीति कर रहे हैं। जनता से आग्रह है कि वह ऐसे लोगों से सजग रहें।
महिलाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। हर महिला को 1500 रुपये सम्मान राशि दी जाएगी। इसके साथ ही महिला मंडल भवनों के निर्माण और महिला जागरूकता कार्यक्रमों के लिए भी सरकार द्वारा बजट का प्रावधान किया जाएगा।





