उज्जवल हिमाचल । नूरपुर
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने जिला कांगड़ा में विभिन्न प्रशासनिक एवं चुनाव अधिकारियों के साथ चुनाव संबंधी महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने चुनावों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए अपने व्यापक अनुभव साझा किए और चुनावी प्रबंधन, मतदाता सहभागिता तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने अधिकारियों की शंकाओं का मौके पर ही समाधान करते हुए आधुनिक चुनाव प्रणाली से जुड़ी चुनौतियों एवं व्यावहारिक समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि चुनावों के दौरान प्रत्येक मतदाता को निर्भीक, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में मतदान करने का अवसर मिलना चाहिए। साथ ही अधिकारियों को मतदाता जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए।
ज्ञानेश कुमार ने हिमाचल प्रदेश में आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर मतदाताओं की बढ़ती जागरूकता की सराहना की। उन्होंने कहा कि मतदान प्रतिशत में वृद्धि लोकतंत्र की मजबूती का संकेत है और यह निर्वाचन आयोग के लिए सकारात्मक उपलब्धि है। उन्होंने इस दिशा में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी प्रशंसा की।
बैठक के उपरांत मुख्य चुनाव आयुक्त दोपहर बाद धर्मशाला के लिए रवाना हो गए।
सूत्रों के अनुसार, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार बीती रात नूरपुर उपमंडल स्थित वन विश्राम गृह में ठहरे थे। वहां उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। इसके बाद मंगलवार सुबह लोक निर्माण विभाग (PWD) विश्राम गृह, नूरपुर में भी अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनाव प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम नूरपुर अरुण शर्मा, पुलिस प्रशासन के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि मुख्य चुनाव आयुक्त का नूरपुर दौरा काफी हद तक गोपनीय रखा गया। इन दिनों वे जिला कांगड़ा में विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर चुनावी तैयारियों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। उनके इस दौरे को आगामी चुनावी प्रक्रियाओं की तैयारियों और निर्वाचन तंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
संवाददाता : विनय महाजन





