खोली मेले में मुख्यातिथि मुनीश शर्मा ने दी मेला कमेटी को सौगात

उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा

कांगड़ा के समीप खोली में आयोजित पारंपरिक मेले में भाजपा नेता, समाजसेवी एवं प्रदेश बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष मुनीश शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर समाजसेवी राजेश परयाल भी उनके साथ मौजूद रहे। मेला कमेटी ने दोनों अतिथियों का शॉल और हिमाचली टोपी पहनाकर भव्य स्वागत किया।

मेले के दौरान आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में मुनीश शर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और मुकाबलों का आनंद लिया। प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने भाग लिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज खिलाड़ी खेलों के प्रति समर्पण और कड़ी मेहनत का परिचय दे रहे हैं, जिसका परिणाम मैदानों में साफ दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि खोली के मैदान में भी खिलाड़ी पूरे जोश और लगन के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

खिलाड़ियों और आयोजकों की मेहनत से प्रभावित होकर मुनीश शर्मा ने मेला कमेटी को कबड्डी के लिए खेल मैट उपलब्ध करवाने की घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने विजेता टीम को 5100 रुपये तथा उपविजेता टीम को 3100 रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का भी ऐलान किया। प्रतियोगिता में नादौन की टीम 17 अंकों के साथ विजेता रही, जबकि अर्ला की टीम 14 अंकों के साथ उपविजेता बनी।

इस दौरान मुनीश शर्मा ने युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि हिमाचल के युवाओं को अपने ही प्रदेश में बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध हों। इसी उद्देश्य से वे पिछले कई वर्षों से रोजगार मेलों का आयोजन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब तक आयोजित रोजगार मेलों के माध्यम से 3600 से अधिक बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिल चुका है, जो जिला कांगड़ा के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे कभी भी निष्क्रिय न रहें और हमेशा अपने तथा समाज के विकास के लिए सकारात्मक कार्य करते रहें। उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही एक और बड़े रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसकी विस्तृत जानकारी पत्रकार वार्ता के माध्यम से साझा की जाएगी।

मुनीश शर्मा ने बताया कि खोली मेले का मुख्य आकर्षण आज आयोजित होने वाली भव्य छिंज प्रतियोगिता रहेगी। इस अवसर पर मेला कमेटी के रिंकू चौधरी, हरबंस लाल, नरेंद्र कुमार, चमन लाल, अविनाश, लकी, राहिल, कुलवंत और साहिल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। मेला कमेटी ने मुनीश शर्मा के सहयोग और समर्थन के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

संवाददाता : अंकित वालिया

Please share your thoughts...