गंभीर बीमारियों से महिलाओं को निजात दिलाने के लिए केंन्द्र ने शुरू का उज्जवल योजना

Chief Minister Housewife Suvidha
मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा के लाभार्थी

उमेश भारद्वाज। मंडी

प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना में मंडी जिले के हजारों लाभार्थियों की रसोई धुंआ मुक्त हो गई हैं। मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना गरीब परिवारों, महिलाओं को संबल और सुविधा देने में कारगर रही है। इसमें सरकार पात्र लोगों को मुफ्त गैस कनेक्शन, चूल्हे और सिलेंडर प्रदान कर रही है। मुख्यमंत्री ने योजना में प्रदान की जा रहे 2 रिफिल की बजाय अब 3 निशुल्क रिफिल देने की घोषणा की है। इस पर सरकार 50 करोड़ रुपए अतिरिक्त खर्च करेगी। इस योजना से जहां गृहिणियों को धुंआ रहित रसोई की सुविधा मिली है। वहीं इससे उनके स्वास्थ्य और पर्यावरण की भी सुरक्षा सुनिश्चित हुई है।

गौरतलब है कि लकड़ी से चूल्हा जलाते समय धुएं से होने वाली गंभीर बीमारियों से महिलाओं को निजात दिलाने के लिए केंद्र ने उज्ज्वला योजना शुरू की थी। राज्य सरकार ने भी अधिक से अधिक महिलाओं को लाभ पहुंचाने के लिए गृहिणी सुविधा योजना शुरू की है। जानकारी देते हुई मंडी के खलियार की पूजा और गोहर के ख्योड़ की ललिता ने हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के तहत मिले मुफ्त गैस कनेक्शन और सिलेंडर से महिलाओं के जीवन में आए सुधार को जयराम सरकार की बड़ी सौगात बताया है। ख्योड़ की ही एक और लाभार्थी तारा देवी का कहना है कि इस सुविधा के लिए उनका पूरा परिवार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार जताता है।

बता दें कि प्रदेश सरकार ने अपने चार वर्ष के कार्यकाल में हिमाचल में 3.23 लाख परिवारों को निशुल्क गैस कनेक्शन और सिलेंडर दिए हैं। इस पर 119.90 करोड़ रुपऐ व्यय किए गए हैं। दिसंबर 2019 में हिमाचल को एलपीजी युक्त और धुआं मुक्त राज्य घोषित किया है। हिमाचल प्रदेश यह उपलब्धि प्राप्त करने वाला देश का पहला राज्य बना।

मंडी में ही 60961 गृहिणियों की रसोई को धुंआ मुक्त करने का कार्य किया गया है। इसके तहत मंडी सदन विधानसभा क्षेत्र में 3555, बल्ह में 4065, सुंदरनगर में 6813, नाचन में 5960, करसोग में 5825 गृहिणियों की रसोई धुंआ रहित हुई है। इसी तरह सिराज विधानसभा क्षेत्र में 7047, सरकाघाट में 8250, धर्मपुर में 5250, जोगिंद्रनगर में 6136 और द्रंग में 8060 गृहिणियों की रसोई को प्रदेश सरकार ने धुंआ मुक्त करने का कार्य किया है।