साढ़े तीन साल और चलेगी सरकार, फिल्म बाकी है अभी, 2027 में आएगा पार्ट-टू

हम ब्रीफकेस वाले नहीं, जनबल वाले, चौड़ा मैदान में भाजपा पर बरसे सीएम

उज्जवल हिमाचल। शिमला

शिमला संसदीय सीट से कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी ने आज शिमला में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की उपस्थिति में नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके बाद चौड़ा मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस से बगावत कर भाजपा में गए बागियों और भाजपा पर जम कर जुबानी हमला बोला। जनसभा को संबोधित करते हुए सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के छ: दागी नेता धनबल से बिक गए और पार्टी के खिलाफ बगावत की।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि बजट 2024-25 प्रस्तुत करने के बाद सभी दागी नेता सरकार की प्रशंसा कर रहे थे, लेकिन जब भरे हुए अटैची नजर आए तो राजनीतिक मंडी में बिक गए और दूसरी किश्त पाने के लिए पंचकूला भाग गए। उन्होंने कहा कि हम अटैची वाले नहीं हैं, बल्कि जनबल वाले हैं। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सरकार या मुख्यमंत्री पद को बचाने की नहीं है, बल्कि जन भावनाओं की खरीद-फरोख्त करने वालों को सबक सीखने की है।

भाजपा नेताओं ने धनबल से सरकार गिराने का रचा षड्यंत्र 

भाजपा नेताओं ने धनबल के माध्यम से सरकार गिराने का षड्यंत्र रचा था और यह चुनाव भविष्य की राजनीति को तय करेगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता इन चुनावों में भाजपा को हराकर पूरे देश के सामने एक उदाहरण पेश कर खरीद-फरोख्त की राजनीति को करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा भाजपा ने राज्यसभा की एक सीट को चुराया है, लेकिन प्रदेश की जनता लोकसभा की चारों सीटें कांग्रेस को देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुक्खू सरकार की फिल्म अभी साढ़े तीन साल और चलेगी। इसके बाद वर्ष 2027 में इसका पार्ट-टू भी आएगा।

ब्यूरो रिपोर्ट शिमला

हिमाचल प्रदेश की ताजातरीन खबरें देखने के लिए उज्जवल हिमाचल के फेसबुक पेज को फॉलो करें