माउंट कार्मेल्स स्कूल, गगल में CISCE ज़ोनल स्केटिंग प्रतियोगिता संपन्न

उज्जवल हिमाचल । कांगड़ा

आज माउंट कार्मेल्स स्कूल, गगल में CISCE ज़ोनल स्केटिंग प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक फादर पॉल, फादर अब्राहम तथा प्रधानाचार्या सिस्टर टीना ने किया।

प्रतियोगिता में विभिन्न CISCE विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा, कौशल तथा खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जिसने कार्यक्रम को और अधिक रोमांचक बना दिया।

प्रतियोगिता के विजेताओं को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। ओवरऑल ट्रॉफी पर सहजा इंटरनेशनल स्कूल, नड्डी ने कब्जा जमाया, जबकि मेजबान माउंट कार्मेल्स स्कूल, गगल रनर-अप रहा।

कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल और तालियों की गूंज के साथ हुआ। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों और अभिभावकों का सहयोग एवं सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।

संवाददाता: अंकित वालिया